पश्चिम बंगाल

बंगाल: भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने बेलूर मठ में की पूजा, दुनिया के पवित्र स्थानों में से एक

Shiddhant Shriwas
9 Jun 2022 12:45 PM GMT
बंगाल: भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने बेलूर मठ में की पूजा, दुनिया के पवित्र स्थानों में से एक
x

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल दौरे के दूसरे दिन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा गुरुवार सुबह कोलकाता से सटे हावड़ा में स्थित बेलूर मठ पहुंचे। उन्होंने यहां पूजा अर्चना की और स्वामी विवेकानंद व रामकृष्ण परमहंस को श्रद्धा सुमन अर्पित किया। नड्डा ने बेलूर मठ के महराज व संन्यासियों से भी मुलाकात की। इसके बाद यहां पत्रकारों से बात करते हुए नड्डा ने कहा- मेरा सौभाग्य है कि मुझे बेलूर मठ में आने का सौभाग्य मिला। ये स्थान दुनिया के पवित्र स्थानों में एक है। यहां से एक विशेष ऊर्जा मिलती है जिससे देश की सेवा करने का मौका मिलता है। नड्डा ने बेलूर मठ के दौरे के बाद ट्वीट भी किया, धार्मिक एकता, विरासत और राष्ट्रीय महत्व के इस महान प्रतीक के अंदर रहते हुए मैंने अपने अस्तित्व में एक महान शांति और ऊर्जा महसूस किया।

इधर, बेलूर मठ के दौरे के बाद नड्डा ने राज्य के पार्टी सांसदों, विधायकों व पदाधिकारियों के साथ बैठक की। नड्डा ने इसके बाद दोपहर में कोलकाता के साइंस सिटी सभागार में पार्टी के मंडल अध्यक्षों व कार्यकर्ता सम्मेलन को भी संबोधित किया। शाम में वह कला मंदिर में नागरिक सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे। उसके बाद गुरुवार शाम में ही वे दिल्ली के लिए प्रस्थान कर जाएंगे।
बता दें कि इससे पहले नड्डा ने बुधवार दोपहर में कोलकाता के नेशनल लाइब्रेरी में भाजपा की राज्य कार्यकारिणी की बैठक के उद्घाटन सत्र को संबोधित किया था। उसके बाद उन्होंने भाजपा नेताओं के साथ बंद कमरे में बैठक भी की थीं।इससे पहले नड्डा बुधवार सुबह में हुगली जिले के चुंचुड़ा में वंदे मातरम भवन व जिले के चंदननगर स्थित रास बिहारी बोस अनुसंधान संस्थान का भी दौरा किया था।बताते चलें कि बंगाल में पिछले साल विधानसभा चुनाव के बाद से भाजपा में मची उथल-पुथल के बीच पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा राज्य के दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार देर शाम कोलकाता पहुंचे थे।
इस दौरे में नड्डा ने पार्टी नेताओं के साथ संगठनात्मक बैठकें कर आपसी अंतर्कलह से जूझ रही पार्टी को फिर से यहां एकजुट करने की कोशिश की और ममता सरकार के खिलाफ लड़ाई की रणनीति तैयार किया। उनके दौरे को 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर संगठन को मजबूत व एकजुट करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। नड्डा ने प्रदेश नेतृत्व से नाराज चल रहे वरिष्ठ नेता दिलीप घोष जैसे अन्य विक्षुब्ध नेताओं के साथ भी बैठक की। प्रदेश अध्यक्ष मजूमदार ने बताया कि उनके दौरे से पार्टी के कार्यकर्ताओं व नेताओं का मनोबल बढ़ेगा।


Next Story