- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- Bankura: अवैध शराब के...
Bankura: अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई, विष्णुपुर में तीन गिरफ्तार

बांकुड़ा: अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग के सहयोग से मंगलवार सुबह से देर रात तक विष्णुपुर महकमा के विभिन्न थाना क्षेत्रों में संयुक्त अभियान चलाया गया। इस दौरान अवैध शराब बरामद करने के साथ बड़ी मात्रा में शराब बनाने की सामग्री नष्ट की गई और तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।
सूत्रों के अनुसार, पात्रसायर थाना क्षेत्र के रुईदास पाड़ा में अभियान चलाकर करीब 90 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बंगाल आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत तीन मामले दर्ज किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपितों को अदालत में भेज दिया गया है।
वहीं, सोनामुखी थाना क्षेत्र के पारजोर गांव और उससे सटे जंगल इलाके में पुलिस, आबकारी विभाग और वन विभाग ने संयुक्त अभियान चलाया। अभियान के दौरान करीब 400 लीटर शराब बनाने के लिए तैयार किण्वित सामग्री नष्ट की गई तथा 20 लीटर अवैध शराब बरामद की गई।
इसी तरह कोतुलपुर थाना क्षेत्र के पानुआ गांव में पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई में करीब 60 लीटर शराब बनाने के लिए तैयार किण्वित सामग्री नष्ट की गई।
विष्णुपुर महकमा। की पुलिस ने कहा कि जनसुरक्षा बनाए रखने और अवैध शराब के निर्माण तथा बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा।





