पश्चिम बंगाल

ठगी के नेटवर्क में बैंक अधिकारी की भूमिका, उप प्रबंधक गिरफ्तार

Admindelhi1
31 Oct 2026 2:20 PM IST
ठगी के नेटवर्क में बैंक अधिकारी की भूमिका, उप प्रबंधक गिरफ्तार
x
बैंक उप प्रबंधक पर साइबर ठगी में शामिल होने का आरोप, गिरफ्तारी

सिलीगुड़ी: 91 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में प्रधाननगर थाने की पुलिस ने एक निजी बैंक के डिप्टी ब्रांच मैनेजर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान अनिर्बान सिकदार के रूप में हुई है। वह अपर बागडोगरा का निवासी है। पहले सिलीगुड़ी के सेवक रोड स्थित एक निजी बैंक शाखा में डिप्टी ब्रांच मैनेजर के पद पर कार्यरत था। हाल ही में उसका तबादला बर्दवान रोड स्थित शाखा में हो गया था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, 91 लाख रुपये की साइबर ठगी की शिकायत पर सितंबर महीने में प्रधाननगर थाने में मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने खोरीबाड़ी के बतासी इलाके से मानसी मिश्रा मंडल नामक एक युवती को गिरफ्तार किया था। अदालत में पेश करने के बाद उसे पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान उसके बैंक खाते और साइबर ठगी से संभावित संबंधों को लेकर कई अहम जानकारियां सामने आई।

इसके बाद पुलिस शुक्रवार शाम सेवक रोड स्थित संबंधित बैंक शाखा में पहुंचकर कई घंटे तक जांच और पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, युवती द्वारा खोले गए बैंक खाते में जमा किए गए वर्तमान पते के प्रमाण से जुड़े दस्तावेजों को लेकर भी संदेहास्पद तथ्य सामने आए। जांच में पता चला कि संबंधित शाखा के डिप्टी ब्रांच मैनेजर अनिर्बान सिकदार का तबादला बर्दवान रोड शाखा में हो चुका है।

इसके बाद प्रधाननगर थाने की पुलिस बर्दवान रोड स्थित बैंक शाखा पहुंची और वहां काफी देर तक पूछताछ करने के बाद अनिर्बान सिकदार को रात को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें प्रधाननगर थाने ले जाया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार बैंक अधिकारी को रविवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि साइबर ठगी में बैंक खाते, दस्तावेजों और बैंककर्मी की क्या भूमिका थी।

Next Story