पश्चिम बंगाल

Asansol: चौरंगी मोड़ पर दर्दनाक दुर्घटना, चालक ने गंवाई जान

Admindelhi1
26 May 2026 4:40 PM IST
Asansol: चौरंगी मोड़ पर दर्दनाक दुर्घटना, चालक ने गंवाई जान
x
चालक की मौत और तीन घायल, पुलिस जांच में जुटी

आसनसोल: कुल्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत चौरंगी मोड़ स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर रविवार देर रात हुए सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तीन वाहनों के बीच हुई जोरदार टक्कर में एक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार से आ रहा एक बोलेरो वाहन अचानक सामने चल रही चारपहिया गाड़ी से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सड़क किनारे खड़े एक कंटेनर से जा भिड़ी, जिससे तीनों वाहनों के बीच भीषण दुर्घटना हो गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में कई लोग बुरी तरह फंसे हुए थे। सूचना पाकर पुलिस और ट्रैफिक विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर की मदद लेनी पड़ी। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सभी घायलों को बाहर निकाला जा सका। घायलों को आसनसोल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

चिकित्सकों के अनुसार, महिला और दोनों बच्चों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। वहीं चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर पाकर मृतक के परिजन अस्पताल पहुंच गए और परिवार में मातम छा गया।

इस दुर्घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगभग डेढ़ घंटे तक यातायात बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात को सामान्य कराया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि चौरंगी मोड़ क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की वजह से अक्सर हादसे होते रहते हैं। उन्होंने प्रशासन से हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, चेतावनी संकेत लगाने और नियमित निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Next Story