पश्चिम बंगाल

Asansol: छात्रा को मतदान नहीं करने दिया, मामला गरमाया

Admindelhi1
25 April 2026 11:40 AM IST
Asansol: छात्रा को मतदान नहीं करने दिया, मामला गरमाया
x

आसनसोल: बाराबनी विधानसभा क्षेत्र के 283 निर्वाचन क्षेत्र में मतदान के दौरान एक गंभीर और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। लोकतंत्र के इस महापर्व में जहां हर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए उत्साहित नजर आ रहा था, वहीं एक स्कूली छात्रा को मतदान करने से वंचित होना पड़ा।

घटना गुरुवार शाम करीब चार बजे की है, जब छात्रा दमोहिनी तेलर जोड़़ा बालिका विद्यालय स्थित मतदान केंद्र पर अपना वोट डालने पहुंची। भारी भीड़ होने के कारण उसे लगभग दो घंटे तक लंबी लाइन में खड़ा रहना पड़ा। जब उसकी बारी आई और वह मतदान कक्ष के अंदर पहुंची, तो उसने अपने आवश्यक दस्तावेज प्रिजाइडिंग ऑफिसर को दिखाए। दस्तावेजों की जांच के दौरान प्रिजाइडिंग ऑफिसर ने बताया कि मतदाता सूची में उसके नाम के ऊपर पीबी का रबर स्टांप लगा हुआ है।

अधिकारी के अनुसार, इसका मतलब यह है कि उसका वोट पहले ही पोस्टल बैलेट के माध्यम से डाला जा चुका है। इतना ही नहीं, अधिकारी ने यह भी कहा कि रिकॉर्ड में उसे एक नौकरीपेशा व्यक्ति के रूप में दर्ज किया गया है, जिसके कारण पोस्टल बैलेट जारी किया गया था।

यह सुनकर छात्रा हैरान रह गई। उसने तुरंत इसका विरोध किया और कहा कि वह एक स्कूली छात्रा है, कोई नौकरीपेशा व्यक्ति नहीं, और उसने कभी पोस्टल बैलेट के लिए आवेदन भी नहीं किया। छात्रा ने अधिकारियों से अपनी बात रखने की कोशिश की और पूछा कि उसके नाम पर पोस्टल वोट कैसे डाला गया, लेकिन आरोप है कि प्रिजाइडिंग ऑफिसर ने उसकी बात का संतोषजनक जवाब नहीं दिया।

काफी बहस और निवेदन के बावजूद छात्रा को मतदान करने की अनुमति नहीं दी गई। अंततः उसे बिना वोट डाले ही मतदान केंद्र से बाहर लौटना पड़ा। इस घटना से छात्रा और उसके परिवार में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

छात्रा संचियता रजक ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। इस घटना ने निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता सूची की पारदर्शिता पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि एक छात्रा के नाम पर इस तरह से पोस्टल बैलेट जारी हो सकता है, तो यह चुनावी व्यवस्था में बड़ी लापरवाही या गंभीर गड़बड़ी का संकेत हो सकता है। अब देखना होगा कि निर्वाचन आयोग और स्थानीय प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।

Next Story