पश्चिम बंगाल

Asansol: ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस का सख्त कदम

Admindelhi1
10 March 2026 3:39 AM IST
Asansol: ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस का सख्त कदम
x

आसनसोल: रानीगंज बस स्टैंड पर सोमवार को आसनसोल–दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के निर्देश पर ट्रैफिक विभाग की टीम ने अचानक बसों की जांच शुरू की तो हलचल मच गयी। इस दौरान पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि यात्रियों की जान से खिलवाड़ अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह से ही रानीगंज बस स्टैंड पर ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी तैनात दिखाई दिए। विभाग के निर्देश पर पुलिस ने बस चालकों और मालिकों को कड़ी चेतावनी दी कि बस की छत पर किसी भी यात्री को बैठाकर यात्रा नहीं कराई जाए। इसके साथ ही बसों की छत पर अधिक मात्रा में सामान लादने पर भी सख्त प्रतिबंध लगाने का निर्देश दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बस की छत पर यात्रियों को बैठाने या भारी सामान लादने से वाहन का संतुलन बिगड़ सकता है, जिससे गंभीर सड़क दुर्घटनाएं होने का खतरा रहता है। ट्रैफिक पुलिस ने साफ तौर पर कहा है कि यदि छत पर यात्रा कर रहे, किसी यात्री के साथ दुर्घटना होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी बस चालक और मालिक की होगी। ऐसे मामलों में केवल जुर्माना ही नहीं, बल्कि संबंधित कानूनी धाराओं के तहत कड़ी पुलिस कार्रवाई भी की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार ओवरलोडिंग और असुरक्षित यात्रा सड़क दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण है, जिसे रोकने के लिए यह सख्त कदम उठाया गया है।

हालांकि, इस कार्रवाई को लेकर बस स्टैंड के कुछ एजेंटों ने पुलिस की पहल का स्वागत किया है, लेकिन उन्होंने अपनी कुछ व्यावहारिक समस्याएं भी सामने रखी हैं।

कुछ रूट के बस एजेंटों का कहना है कि कई बसों के प्रस्थान समय में दो से तीन घंटे का अंतर या देरी हो जाती है, जिसके कारण शाम के समय यात्रियों की भारी भीड़ जमा हो जाती है। यात्रियों की संख्या अधिक होने पर कई बार यात्री जबरदस्ती बस की छत पर चढ़ जाते हैं। बार-बार समझाने के बावजूद वे नीचे उतरने को तैयार नहीं होते।

एजेंटों ने सवाल उठाया कि ऐसी स्थिति में उनकी क्या गलती है और उन्होंने मांग की कि बस स्टैंड पर यात्रियों को नियंत्रित करने में पुलिस को भी सहयोग करना चाहिए।

Next Story