पश्चिम बंगाल

Asansol: भाजपा कार्यकर्ता की गिरफ्तारी के खिलाफ थाने का घेराव

Admindelhi1
22 April 2026 4:14 PM IST
Asansol: भाजपा कार्यकर्ता की गिरफ्तारी के खिलाफ थाने का घेराव
x

आसनसोल: दुर्गापुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में चुनाव से ठीक पहले राजनीतिक तनाव बढ़ गया है। मंगलवार को भाजपा और तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प के बाद पुलिस ने तीन भाजपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया। इस गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार को भाजपा ने दुर्गापुर थाने का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा प्रत्याशी चंद्रशेखर बनर्जी भी इस प्रदर्शन में शामिल रहे। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

गौरतलब है कि गुरुवार को दुर्गापुर पूर्व में पहले चरण का मतदान होना है। ऐसे में मंगलवार को चुनाव प्रचार के अंतिम दिन जे.सी. बोस इलाके में भाजपा की ओर से प्रचार अभियान चलाया जा रहा था। उसी दौरान तृणमूल और भाजपा समर्थकों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि इस दौरान तृणमूल कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की गई और कई मोटरसाइकिलों में तोड़फोड़ भी की गई। घटना के बाद शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और तीन भाजपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।

इस गिरफ्तारी को लेकर भाजपा ने सवाल उठाया है कि जब दोनों पक्षों के बीच संघर्ष हुआ, तो केवल भाजपा कार्यकर्ताओं को ही क्यों गिरफ्तार किया गया। इसी सवाल को लेकर बुधवार दोपहर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दुर्गापुर थाने के बाहर प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

भाजपा प्रत्याशी चंद्रशेखर बनर्जी ने आरोप लगाया कि वे लोग शांतिपूर्ण तरीके से अंतिम दौर का प्रचार कर रहे थे, तभी तृणमूल नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके जुलूस पर हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने केवल आत्मरक्षा में जवाब दिया, लेकिन पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई करते हुए उनके कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा इस कार्रवाई का जवाब मांग रही है।

वहीं, तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप मजूमदार ने भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि भाजपा लगातार अत्याचार कर रही है और बंगाल की जनता इसका जवाब देगी। उन्होंने कहा कि पुलिस कानून के मुताबिक कार्रवाई करेगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

Next Story