पश्चिम बंगाल

Asansol: सेंट्रल हॉस्पिटल कल्ला में मरीजों को मिली अमृत फार्मेसी की सुविधा

Admindelhi1
15 Sept 2026 11:30 AM IST
Asansol: सेंट्रल हॉस्पिटल कल्ला में मरीजों को मिली अमृत फार्मेसी की सुविधा
x
दूसरी अमृत फार्मेसी शुरू होने से मरीजों को मिलेगा लाभ

आसनसोल: ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) ने सेंट्रल हॉस्पिटल, कल्ला में अपनी दूसरी अमृत फार्मेसी का शुभारंभ सोमवार शाम किया। इस पहल से ईसीएल के कर्मचारियों, उनके आश्रितों तथा आसपास के समुदाय के लोगों को किफायती दरों पर दवाएं और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

फार्मेसी का उद्घाटन ईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक सतीश झा ने किया। अमृत यानी उपचार के लिए किफायती दवाएं और विश्वसनीय प्रत्यारोपण योजना का संचालन भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अधीन सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड द्वारा किया जाता है। इसके माध्यम से आवश्यक एवं जीवनरक्षक दवाएं, सर्जिकल सामग्री और चिकित्सा प्रत्यारोपण रियायती दरों पर उपलब्ध कराए जाते हैं।

इस अवसर पर सतीश झा ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कंपनी के प्रदर्शन का संक्षिप्त उल्लेख किया। उन्होंने कर्मचारियों से सामूहिक प्रयास के जरिए कोयला उत्पादन के निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने के साथ उससे आगे बढ़ने का आह्वान किया। साथ ही कर्मचारी कल्याण से जुड़े प्रयासों को लगातार मजबूत करने पर जोर दिया।

ईसीएल के निदेशक (कार्मिक) गुंजन कुमार सिन्हा ने अमृत फार्मेसी के लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस सुविधा के माध्यम से कर्मचारियों को किफायती और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराने के साथ नकद भुगतान रहित दवा सुविधा भी मिलेगी।

कार्यक्रम में ईसीएल के चिकित्सा सेवा प्रमुख, सेंट्रल हॉस्पिटल, कल्ला के मुख्य चिकित्सा अधिकारी समेत ईसीएल और एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड के वरिष्ठ अधिकारी तथा अस्पताल के पैरामेडिकल और प्रशासनिक कर्मचारी मौजूद रहे।

Next Story