पश्चिम बंगाल

Asansol: सौहार्द रैली से गूंजा कुल्टी, रामनवमी का उत्सव

Admindelhi1
26 March 2026 2:11 AM IST
Asansol: सौहार्द रैली से गूंजा कुल्टी, रामनवमी का उत्सव
x

आसनसोल: शनिवार यानी 28 मार्च को मनाए जाने वाले राम नवमी के अवसर पर बुधवार को बराकर में सांप्रदायिक सौहार्द और शांति बनाए रखने के उद्देश्य से एक भव्य शांति मार्च निकाला गया। यह मार्च बैगुनिया से शुरू होकर पूरे बराकर क्षेत्र तक निकाला गया, जिसमें सभी धर्मों और वर्गों के लोगों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।

रामनवमी के शुभ अवसर पर हर वर्ष की तरह इस बार भी बराकर में विशाल शोभायात्रा आयोजित की जाएगी। इसके मद्देनज़र पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है और लगातार निगरानी रखी जा रही है।

बुधवार को निकाला गया इस शांति मार्च में पुलिस प्रशासन के साथ-साथ चेम्बर ऑफ कॉमर्स, मुस्लिम वेलफेयर सोसाइटी, विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यवसायियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

इस शांति मार्च में प्रमुख रूप से शंकर शर्मा, खलील खान, कुल्टी थाना प्रभारी पार्थो सारथी घोष, बराकर चौकी प्रभारी अंजन कुमार रजक और ट्रैफिक प्रभारी बिनय लाइक सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

मार्च के दौरान प्रशासन ने बैगुनिया से बराकर तक सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और संवेदनशील इलाकों की पहचान की। प्रशासन ने विशेष रूप से मार्च निकाले जाने वाले मार्ग पर पुलिस तैनाती, गलियों में बैरिकेडिंग, ड्रोन से निगरानी और छतों पर पुलिस बल की तैनाती जैसे कड़े सुरक्षा उपायों पर जोर दिया है।

गौरतलब है कि पूर्व में राम नवमी जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच पथराव और आगजनी की घटनाएं सामने आई थीं, जिससे इलाके का माहौल प्रभावित हुआ था। इसके बाद से प्रशासन द्वारा हर वर्ष अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है, ताकि इस बार का आयोजन पूरी तरह शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

Next Story