- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- फिल्मी अंदाज में...
फिल्मी अंदाज में गिरफ्तारी, 37 मामलों का आरोपी मिनी फिरोज पकड़ा गया

कोलकाता/हुगली। पश्चिम बंगाल में कोलकाता पुलिस की गुंडा दमन शाखा ने एक बड़े ऑपरेशन में कुख्यात अपराधी मोहम्मद फिरोज खान उर्फ ‘मिनी फिरोज’ और उसके सहयोगी मोहम्मद साजिद को डानकुनी टोल प्लाजा से गिरफ्तार कर लिया। दोनों पर आर्म्स एक्ट समेत कुल 37 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या, रंगदारी, बमबाजी और अवैध हथियार रखने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। पुलिस ने दोनों को एक नए केस में गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 23 जून को तपसिया थाने में दर्ज नई शिकायत के बाद दोनों की तलाश तेज कर दी गई थी। गुप्त सूचना मिलने पर पता चला कि आरोपी कोलकाता से फरार होने की कोशिश में हैं। इसके बाद विशेष टीम ने हुगली जिले के डानकुनी टोल प्लाजा पर घेराबंदी की और जैसे ही उनकी कार वहां पहुंची, पुलिस ने चारों ओर से घेरकर उन्हें दबोच लिया।
मिनी फिरोज का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है। उसका नाम कोलकाता के गुलशन कॉलोनी हिंसा (सितंबर 2025) में भी सामने आया था, जहां हथियारबंद हमले की घटना हुई थी। इस मामले के बाद वह दिल्ली भाग गया था, जहां से पहले भी उसे गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तारी के बाद उसने सोशल मीडिया के जरिए पुलिस को चुनौती देने की कोशिश भी की थी।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मिनी फिरोज और पूर्व टीएमसी पार्षद सुशांत घोष के बीच पुरानी रंजिश रही है। एक जानलेवा हमले के मामले में भी उसका नाम सामने आ चुका है, जिसमें पार्षद बाल-बाल बचे थे।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों से पूछताछ शुरू कर दी है और उनके पूरे नेटवर्क, गैंग और हथियार सप्लाई चैन की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जमानत मिलने के बाद दोनों फिर से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय हो गए थे, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई।





