पश्चिम बंगाल

बेवजह हॉर्न बजाने वालों को जागरूक करने की पहल, सालभर चलेगा अभियान

Admindelhi1
19 Nov 2026 8:00 AM IST
बेवजह हॉर्न बजाने वालों को जागरूक करने की पहल, सालभर चलेगा अभियान
x
42 लाख लोगों तक पहुंचा हॉर्न न बजाने का संदेश, अब चलेगा विशेष अभियान

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में अनावश्यक हॉर्न बजाने से होने वाले ध्वनि प्रदूषण को कम करने के लिए बुधवार को वर्षभर चलने वाले जागरूकता अभियान 'स्टॉप हॉन्किंग : लेस नॉइज, मोर लाइफ' की शुरुआत की गई। कलामंदिर में आयोजित कार्यक्रम में पब्लिक रिलेशंस सोसाइटी ऑफ इंडिया (पीआरएसआई) ने इन्फिनिटी ग्रुप और आईआईटी खड़गपुर के सहयोग से अभियान का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में प्रसिद्ध तबला वादक पंडित तन्मय बोस, इन्फिनिटी ग्रुप के चेयरमैन रवींद्र चमरिया, पीआरएसआई अध्यक्ष सौम्यजीत महापात्र और उपाध्यक्ष अनिंद्य दास मौजूद रहे। समारोह की शुरुआत जीडी बिड़ला स्कूल की छात्राओं के सामूहिक गीत से हुई।

पीआरएसआई अध्यक्ष सौम्यजीत महापात्र ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान का संदेश अब तक करीब 42 लाख लोगों तक पहुंच चुका है। उन्होंने अगले वर्ष दिसंबर तक 60 हजार लोगों को अभियान से जोड़ने का लक्ष्य रखा है।

वहीं, रवींद्र चमरिया ने कहा कि कोविड के बाद कोलकाता की सड़कों पर वाहनों की संख्या और हॉर्न के इस्तेमाल में बढ़ोतरी हुई है, जिससे ध्वनि प्रदूषण की समस्या गंभीर हो रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान पंडित तन्मय बोस ने विद्यार्थियों से संवाद किया। इसके बाद विद्यालयों और महाविद्यालयों के शिक्षकों को सम्मानित किया गया। अभियान के माध्यम से लोगों को बेवजह हॉर्न नहीं बजाने और जिम्मेदार सड़क व्यवहार अपनाने के लिए जागरूक किया जाएगा।

Next Story