पश्चिम बंगाल

हरिश्चंद्रपुर में धर्मांतरण के आरोप से माहौल गरमाया

Admindelhi1
2 Nov 2026 11:04 AM IST
हरिश्चंद्रपुर में धर्मांतरण के आरोप से माहौल गरमाया
x
हरिश्चंद्रपुर में धर्मांतरण के आरोप पर विवाद गहराया

मालदा: पैसे का लालच देकर धर्मांतरण कराने के आरोप को लेकर मालदा जिले के हरिश्चंद्रपुर में रविवार को तनाव फैल गया। दोपहर में दूसरे समुदाय के लोगों और बजरंग दल के सदस्यों के बीच विवाद के बाद झड़प हो गई। दोनों पक्षों की ओर से तोड़फोड़ और मारपीट के आरोप लगाए गए हैं। घटना में बजरंग दल के कुछ सदस्य घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। स्थिति को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

जानकारी के अनुसार, हरिश्चंद्रपुर थाने के गोला मोड़ इलाके में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के अंतर्गत आने वाले करीब 100 मुसहर परिवार रहते हैं। इनमें से लगभग 40 परिवार पहले ही ईसाई धर्म अपना चुके हैं। आरोप है कि रविवार को शेष परिवारों को भी आर्थिक प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने के उद्देश्य से एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। स्थानीय कुछ युवकों ने इसकी जानकारी हिंदू संगठनों को दी, जिसके बाद बजरंग दल और हिंदू जागरण मंच के सदस्य मौके पर पहुंचे। वहां ईसाई मिशनरी भी मौजूद थे। दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो बाद में तनाव और झड़प में बदल गई। जिस घर में कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था, वहां तोड़फोड़ किए जाने का भी आरोप है।

बजरंग दल के उत्तर मालदा जिला संयोजक ऋतम दास ने आरोप लगाया कि ईसाई मिशनरी विदेश से मिले धन के जरिए लोगों का बरगलाकर धर्मांतरण करा रहे हैं। उन्होंने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, ईसाई धर्म अपना चुके परिवारों का कहना है कि उन्होंने किसी लालच या दबाव में नहीं, बल्कि अपनी समस्याओं का समाधान तलाशने के लिए स्वेच्छा से धर्म परिवर्तन किया है। उनका दावा है कि रविवार को इलाके में धर्मांतरण का कोई कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रार्थना सभा आयोजित की गई थी।

चांचल अनुमंडल पुलिस की ओर से बताया गया है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। इलाके में पुलिस बल तैनात रखा गया है।

Next Story