पश्चिम बंगाल

अभिषेक बनर्जी के बाद टीएमसी नेताओं पर लगातार हमले

Saba Naaz
1 July 2026 6:25 PM IST

पश्चिम बंगाल: तृणमूल कांग्रेस (TMC) की फायरब्रांड सांसद महुआ मोइत्रा पर कथित तौर पर अंडे और सड़े बैंगन फेंके जाने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो खुद महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया है। वीडियो सामने आने के बाद यह मामला राजनीतिक विवाद में बदल गया है।

महुआ मोइत्रा ने अपने पोस्ट में भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने लिखा कि बीजेपी के समर्थकों द्वारा उनके घर/ऑफिस पर हमला किया जा रहा है और इस दौरान पुलिस और सीआरपीएफ मूकदर्शक बनी हुई है। उन्होंने इस पोस्ट में ममता बनर्जी, राहुल गांधी, अखिलेश यादव, सुप्रिया सुले, एमके स्टालिन और अरविंद केजरीवाल सहित कई विपक्षी नेताओं को टैग किया है।

वीडियो में दिख रहा है कि एक भीड़भाड़ वाले इलाके में खिड़की के पास कुछ लोग खड़े हैं और नीचे से खिड़की की तरफ वस्तुएं फेंके जाने का दावा किया जा रहा है। वहीं कुछ लोग इसका वीडियो भी रिकॉर्ड कर रहे हैं। महुआ मोइत्रा ने कहा कि वह करीब एक घंटे से अपने कार्यालय में “कैद” जैसी स्थिति में हैं और बाहर निकलने में असमर्थ हैं। महुआ मोइत्रा ने पहले भी चेतावनी दी थी कि अगर उन पर हमला किया गया तो वह कानूनी कार्रवाई करेंगी और FIR दर्ज कराएंगी। उन्होंने कहा था कि हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ केस दर्ज कराया जाएगा।

इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कुछ यूजर्स ने इसे राजनीतिक विरोध का नया तरीका बताया है, जबकि कुछ ने इसे “एग थेरेपी” जैसी टिप्पणी से जोड़कर पोस्ट किया है। हालांकि इस पूरे मामले पर प्रशासन या पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान अभी सामने नहीं आया है। फिलहाल घटना की जांच और सच्चाई को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। राजनीतिक बयानबाजी के बीच मामला लगातार तूल पकड़ रहा है।

Next Story