पश्चिम बंगाल

12 साल की बच्ची से रेप-हत्या का आरोपी पुलिस एनकाउंटर में ढेर

jantaserishta.com
9 Nov 2026 12:18 PM IST
12 साल की बच्ची से रेप-हत्या का आरोपी पुलिस एनकाउंटर में ढेर
x
बड़ा एक्शन.
कोलकाता: पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले में 12 साल की बच्ची से रेप और हत्या के आरोपी दिलीप रॉय की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, आरोपी को पकड़ने के लिए पिछले चार दिनों से तलाश और छापेमारी की जा रही थी. सोमवार की सुबह रायगंज के गौरी ग्राम पंचायत इलाके में पुलिस टीम ने उसे घेर लिया. पुलिस का दावा है कि इसी दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चला दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से दिलीप रॉय घायल हो गया. उसे रायगंज गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस के मुताबिक, 12 साल की बच्ची 3 नवंबर की दोपहर अपनी साइकिल से घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी. परिवार ने काफी तलाश करने के बाद पुलिस से संपर्क किया. इसके बाद रायगंज के अब्दुलघाटा स्थित कुलिक जंगल में बच्ची का शव मिला. पुलिस को उसका शव खराब हालत में और बिना कपड़ों के मिला था. परिवार ने आरोप लगाया था कि बच्ची के साथ रेप के बाद उसकी हत्या की गई है.
इस मामले में 4 नवंबर को रायगंज पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया था. इसमें भारतीय न्याय संहिता यानी BNS और POCSO एक्ट की धाराएं लगाई गई थीं. जांच के दौरान दिलीप रॉय मुख्य संदिग्ध के तौर पर सामने आया. पुलिस उसकी तलाश में पिछले चार दिनों से लगातार छापेमारी कर रही थी.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सोमवार की सुबह सूचना मिली कि दिलीप रॉय गौरी ग्राम पंचायत इलाके में छिपा हुआ है. इसके बाद पुलिस टीम ने वहां ऑपरेशन चलाया. पुलिस का दावा है कि पुलिस की मौजूदगी का पता चलते ही आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी. इस दौरान उसकी चलाई एक गोली पुलिस की गाड़ी के टायर में भी लगी. इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दिलीप रॉय को गोली लगी.
पुलिस सूत्रों का यह भी कहना है कि दिलीप रॉय बिहार सीमा के रास्ते राज्य से बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था. पुलिस ने सूचना के आधार पर उसे ट्रेस किया और पकड़ने की कोशिश की, लेकिन फायरिंग शुरू होने के बाद जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पिछले चार दिनों से तलाश की जा रही थी. सूचना मिलने के बाद सोमवार तड़के पुलिस टीम ने उसे ढूंढ निकाला. अधिकारी के मुताबिक, आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चलाई, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की.
यह पश्चिम बंगाल में बीजेपी के सत्ता में आने के बाद सामने आया चौथा पुलिस एनकाउंटर बताया जा रहा है. इससे पहले जुलाई में दक्षिण 24 परगना के बरुईपुर में 11 साल की बच्ची से रेप और हत्या के आरोपी प्रभास मंडल की पुलिस मुठभेड़ में मौत हुई थी. पुलिस का कहना था कि क्राइम सीन रिक्रिएशन के लिए ले जाते समय उसने पुलिसकर्मियों से हथियार छीनकर फायरिंग की थी, जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने गोली चलाई.
27 अक्टूबर को उत्तर 24 परगना के गायघाटा में कक्षा 11 की छात्रा का शव मिलने के मामले में गिरफ्तार प्रह्लाद दास की भी पुलिस फायरिंग में मौत हो गई थी. पुलिस के मुताबिक, क्राइम सीन रिक्रिएशन के दौरान उसने भागने की कोशिश की थी. उसी दिन मुर्शिदाबाद के समशेरगंज में बीजेपी कार्यकर्ता की हत्या के मामले में गिरफ्तार समाउल हक की भी पुलिस मुठभेड़ में मौत हुई थी.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story