पश्चिम बंगाल

अभिषेक बनर्जी: पुलिस नोटिस और बढ़ती कानूनी मुश्किलें

Saba Naaz
5 July 2026 7:26 PM IST
अभिषेक बनर्जी: पुलिस नोटिस और बढ़ती कानूनी मुश्किलें
x

कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी एक बार फिर कानूनी मुश्किलों में घिरते नजर आ रहे हैं। कालीघाट थाना पुलिस द्वारा मोटर व्हीकल एक्ट उल्लंघन मामले में भेजे गए नोटिस का तय समयसीमा के भीतर जवाब नहीं मिलने के बाद अब पुलिस दोबारा नोटिस जारी करने की तैयारी कर रही है। यह मामला एक स्थानीय शिकायत के बाद सामने आया था, जिसमें आरोप लगाया गया कि अभिषेक बनर्जी के वीआईपी काफिले में चलने वाली एक गाड़ी में दो सुरक्षाकर्मी खतरनाक तरीके से बाहर लटककर यात्रा कर रहे थे। शिकायत बागुईआटी निवासी राजीव सरकार ने दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी।

पुलिस ने प्रारंभिक जांच के दौरान वाहन से संबंधित दस्तावेज और अन्य जानकारी मांगी थी, जिसके लिए नोटिस भेजा गया था। लेकिन तय समय पर जवाब नहीं मिलने के बाद अब कालीघाट थाना पुलिस ने दोबारा नोटिस भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि यदि दूसरी बार भी जवाब नहीं मिलता है तो आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। इस मामले में मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 123 और 184 के तहत कार्रवाई की बात सामने आई है। धारा 123 के अनुसार किसी भी यात्री को वाहन के बाहर लटककर यात्रा करने की अनुमति नहीं है, जबकि धारा 184 में सड़क पर खतरनाक तरीके से वाहन चलाना या यात्रियों की सुरक्षा को खतरे में डालना दंडनीय अपराध माना गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई गई है और इसी क्रम में दस्तावेजों की मांग की गई थी। अब तक आवश्यक जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है। इस पूरे मामले को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। अभिषेक बनर्जी पहले से ही कई मामलों में जांच एजेंसियों के रडार पर हैं। उन पर कथित कोयला घोटाला, शिक्षक भर्ती घोटाला, और अन्य मामलों में ईडी और सीबीआई की जांच चल रही है। इसके अलावा विधानसभा में हस्ताक्षर जालसाजी मामले और चुनावी प्रचार से जुड़े कुछ बयानों को लेकर भी विवाद जुड़ा रहा है।

सीआईडी द्वारा उनके एक कथित बयान से जुड़े मामले में आवाज का नमूना लेने की प्रक्रिया भी शुरू किए जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं पुलिस का कहना है कि मौजूदा मोटर व्हीकल एक्ट मामले की जांच भी नियमों के अनुसार आगे बढ़ाई जा रही है। फिलहाल कालीघाट थाना पुलिस की ओर से अगले कदम पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। अगर दूसरी नोटिस का भी जवाब नहीं मिलता है, तो मामला और आगे बढ़ सकता है।

Next Story