पश्चिम बंगाल

‘सेवाश्रय’ विवाद में अभिषेक बनर्जी फंसे, जाने पूरा मामला

Saba Naaz
1 July 2026 7:50 PM IST
‘सेवाश्रय’ विवाद में अभिषेक बनर्जी फंसे, जाने पूरा मामला
x

पशचिम बंगाल: डायमंड हार्बर के सांसद और तृणमूल कांग्रेस नेता अभिषेक बनर्जी की महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य योजना ‘सेवाश्रय’ एक बार फिर विवादों में आ गई है। इस मामले में विष्णुपुर थाने में उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है। शिकायत भाजपा नेता अभिजीत दास उर्फ बॉबी ने दर्ज कराई है, जिसमें गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए गए हैं।

शिकायत में कहा गया है कि दक्षिण 24 परगना जिले में चलाए जा रहे ‘सेवाश्रय’ चिकित्सा सहायता कार्यक्रम में कई तरह की गड़बड़ियां हुई हैं। आरोप है कि शिविरों में चिकित्सा मानकों का पालन नहीं किया गया और अयोग्य चिकित्सकों को इलाज के लिए शामिल किया गया। साथ ही दावा किया गया है कि कुछ स्थानों पर झोलाछाप और होम्योपैथिक डॉक्टरों द्वारा एलोपैथिक उपचार दिया गया। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि शिविरों में इस्तेमाल किए गए चिकित्सा उपकरणों का सही अनुमति के बिना उपयोग किया गया और मरीजों के आंकड़ों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया। इसके अलावा मरीजों को महंगे टेस्ट जैसे एमआरआई और सीटी स्कैन के लिए भेजे जाने की बात भी सामने आई है, जो कथित तौर पर राज्य की स्वास्थ्य बीमा योजना के दायरे में नहीं आते।

भाजपा नेता का आरोप है कि कई पर्चों में न तो बीमारी का विवरण दर्ज था और न ही इलाज करने वाले डॉक्टरों की रजिस्ट्रेशन जानकारी दी गई थी। एक पर्चे में केवल ‘अस्पताल भेजा जाता है’ लिखा पाया गया। शिकायत में अभिषेक बनर्जी के साथ उनके करीबी सहयोगी सुमित रॉय, अयान घोष दस्तीदार और अन्य स्थानीय प्रतिनिधियों के नाम भी शामिल हैं। यह शिकायत डायमंड हार्बर के पुलिस अधीक्षक को भी भेजी गई है।

वहीं ‘सेवाश्रय’ कार्यक्रम की शुरुआत वर्ष 2022 में अभिषेक बनर्जी ने की थी। इस योजना के तहत डायमंड हार्बर क्षेत्र में हर साल स्वास्थ्य शिविर लगाए जाते हैं, जिनमें हजारों लोगों के इलाज का दावा किया जाता रहा है। फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस जांच जारी है और आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। राजनीतिक हलकों में इस मामले को लेकर हलचल तेज हो गई है और दोनों पक्षों की ओर से बयानबाजी की संभावना जताई जा रही है।

Next Story