पश्चिम बंगाल

कोलकाता नगर निगम में सावरकर की तस्वीर पर बवाल, TMC पार्षदों ने जताया विरोध

Admindelhi1
25 Nov 2026 12:02 PM IST
कोलकाता नगर निगम में सावरकर की तस्वीर पर बवाल, TMC पार्षदों ने जताया विरोध
x
सावरकर की तस्वीर पर TMC का ऐतराज, कोलकाता नगर निगम में नया विवाद

कोलकाता: कोलकाता नगर निगम के काउंसिलर्स क्लब में विनायक दामोदर सावरकर की तस्वीर लगाए जाने के बाद राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। निगम कार्यालय में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और रानी लक्ष्मीबाई सहित कई ऐतिहासिक हस्तियों की तस्वीरों के साथ सावरकर की तस्वीर भी लगाई गई है। तृणमूल कांग्रेस (ममता गुट) के पार्षदों ने इस पर आपत्ति जताते हुए नगर आयुक्त को संयुक्त पत्र सौंपने का निर्णय लिया है।

मंगलवार को रास पूर्णिमा के अवकाश के दौरान निगम की दूसरी मंजिल पर स्थित काउंसिलर्स क्लब की दीवार पर ये तस्वीरें लगाई गईं। सावरकर की तस्वीर बंकिम चंद्र चटर्जी और डॉ. बीआर आंबेडकर की तस्वीरों के पास लगाई गई है।

टीएमसी पार्षद एवं अधिवक्ता वैश्वानर चटर्जी ने सवाल उठाया कि सावरकर का कोलकाता नगर निगम से क्या संबंध रहा है। उन्होंने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी की तस्वीर लगाने पर पार्टी को आपत्ति नहीं है, क्योंकि वे कलकत्ता विश्वविद्यालय के कुलपति और शिक्षा जगत से जुड़े रहे थे। हालांकि, सावरकर की तस्वीर का पार्टी विरोध करेगी।

चटर्जी के अनुसार, दक्षिण कोलकाता जिला तृणमूल के पार्षद इस संबंध में नगर आयुक्त को पत्र सौंपेंगे। आगामी नगर निगम चुनावों से पहले तस्वीरों को लेकर उठा यह विवाद स्थानीय राजनीति में नया मुद्दा बन गया है।

Next Story