- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- उचित किराये पर टैक्सी...
उचित किराये पर टैक्सी उपलब्ध कराने के लिए चालसा में नई पहल

जलपाईगुड़ी: दुर्गापूजा के पर्यटन सीजन में डुआर्स घूमने आने वाले पर्यटकों को अब गाड़ी किराये पर लेने के लिए दलालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। पर्यटकों को उचित किराये पर वाहन उपलब्ध कराने और अतिरिक्त वसूली की शिकायतों को दूर करने के उद्देश्य से चालसा में प्रीपेड टैक्सी बूथ शुरू किया गया है। शनिवार को ‘डुआर्स विल चालसा टैक्सी स्टैंड’ की पहल पर चालसा-मेटेली राज्य सड़क के पादरीकुठी इलाके में इस बूथ का उद्घाटन किया गया।
माटियाली-बाताबाड़ी नंबर-1 ग्राम पंचायत की प्रधान पवित्रि रसाइली सरकार ने फीता काटकर इसका शुभारंभ किया। इस अवसर पर समाजसेवी दीपंकर धर, बबुआ मुखर्जी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
बताया गया है कि इस बूथ के माध्यम से पर्यटक बिना किसी बिचौलिए की मदद के निर्धारित और उचित किराये पर अपनी पसंद का वाहन बुक कर सकेंगे। इसके अलावा गोरुमारा, मूर्ति, झालोंग, बिंदु, सामसिंग जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों के बारे में भी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
‘डुआर्स विल चालसा टैक्सी स्टैंड’ के सचिव कमल मुखी ने बताया कि पर्यटकों को दलालों के जरिए अधिक किराया देने की परेशानी से बचाने के लिए यह पहल की गई है। बूथ से पर्यटन स्थलों की सही जानकारी देने के साथ उचित किराये पर गाड़ियां उपलब्ध कराई जाएंगी।





