- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- ट्रांसजेंडर समुदाय के...
ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए नई पहल, ट्रैफिक सिग्नल पर करेंगे जागरूक

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में ट्रांसजेंडर समुदाय को सम्मानजनक रोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 'बृहन्नला ब्रिगेड' गठित करने की योजना बनाई गई है। इस पहल के तहत समुदाय के इच्छुक सदस्यों को यातायात जागरूकता और नगर निगम के बकाया टैक्स संग्रहण से जुड़े कार्यों में शामिल किया जाएगा। इसके लिए विशेष प्रशिक्षण देने के साथ निर्धारित मानदेय भी उपलब्ध कराया जाएगा।
मंत्री अग्निमित्रा पाल ने इस योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इसका उद्देश्य ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों को आजीविका के बेहतर विकल्प उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की इच्छा है कि समुदाय के लोगों को ट्रैफिक सिग्नलों पर भीख मांगने के बजाय सम्मानजनक रोजगार के अवसर मिलें।
प्रस्तावित योजना के अनुसार, बृहन्नला ब्रिगेड में शामिल होने वाले लोगों को पुलिस की ओर से प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद उन्हें शहर के विभिन्न ट्रैफिक सिग्नलों पर तैनात किया जाएगा, जहां वे वाहन चालकों और आम नागरिकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करेंगे।
ब्रिगेड के सदस्य लोगों को हेलमेट पहनने, कार में सीट बेल्ट लगाने और सड़क पर कचरा नहीं फेंकने का संदेश देंगे। इसके अलावा वाहन की खिड़की से थूकने जैसी आदतों से बचने के लिए भी जागरूक किया जाएगा।
इस योजना का दूसरा महत्वपूर्ण हिस्सा नगर निगम के बकाया टैक्स संग्रहण से जुड़ा है। मंत्री के अनुसार, कर्मचारियों की कमी के कारण कई बार बकाया कर की वसूली प्रभावित होती है। इसे देखते हुए प्रशिक्षित ब्रिगेड सदस्यों को नगर निगम के निरीक्षकों के साथ घर-घर जाकर नागरिकों से बकाया टैक्स जमा करने का आग्रह करने की जिम्मेदारी दी जा सकती है।
इस कार्य के लिए भी उन्हें विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण में नागरिकों से संवाद करने, टैक्स भुगतान के लिए आग्रह करने और निर्धारित जिम्मेदारियों को निभाने की जानकारी दी जाएगी।
मंत्री ने बताया कि दोनों प्रकार के कार्यों के लिए ब्रिगेड के सदस्यों को मानदेय प्रदान किया जाएगा।
प्रस्तावित बृहन्नला ब्रिगेड का उद्देश्य ट्रांसजेंडर समुदाय को रोजगार और सामाजिक सम्मान के अवसर देने के साथ यातायात सुरक्षा तथा नगर निगम की सेवाओं में उनकी भागीदारी बढ़ाना है।





