- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- हावड़ा अस्पताल में 100...
हावड़ा अस्पताल में 100 बेड का नया CCU तैयार, जल्द शुरू होगा इलाज

हावड़ा: पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिला अस्पताल में मरीजों को जल्द ही बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन 100 बेड वाले नए क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) भवन का काम लगभग पूरा हो चुका है। शुक्रवार को राज्य के नगरपालिका एवं शहरी विकास विभाग के राज्य मंत्री उमेश राय ने अस्पताल पहुंचकर नए भवन का निरीक्षण किया।
करीब 46 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे आठ मंजिला भवन में आधुनिक चिकित्सा उपकरण, कैथ लैब और एकीकृत जनस्वास्थ्य प्रयोगशाला की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है। इसमें भवन निर्माण पर लगभग 30.55 करोड़ रुपये, चिकित्सा उपकरणों पर 13.95 करोड़ रुपये और प्रयोगशाला निर्माण पर 1.25 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
अस्पताल में पहले से 12 बेड वाला क्रिटिकल केयर यूनिट मौजूद है, जिसकी क्षमता कोरोना महामारी के दौरान बढ़ाकर 24 बेड की गई थी। अब नए भवन में 100 अतिरिक्त बेड की सुविधा तैयार की जा रही है।
वर्तमान में अस्पताल में 650 स्वीकृत बेड हैं, जिनमें से 516 पर मरीजों का उपचार किया जा रहा है। इसके अलावा ओपीडी सेवाओं का विस्तार, किडनी रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति और हृदय रोग विभाग की सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में भी काम हो रहा है।
मंत्री उमेश राय ने कहा कि अस्पताल की चिकित्सा सेवाओं और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। नए सीसीयू भवन के शुरू होने से गंभीर मरीजों के उपचार की क्षमता बढ़ने की उम्मीद है।





