पश्चिम बंगाल

हावड़ा के बांकड़ा बाजार में भीषण आग, 5 दुकानें जलकर राख

Admindelhi1
19 Nov 2026 11:39 AM IST
हावड़ा के बांकड़ा बाजार में भीषण आग, 5 दुकानें जलकर राख
x
पश्चिम बंगाल में आग का तांडव, पांच दुकानों का सामान जलकर खाक

हावड़ा: पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले के बांकड़ा बाजार में बुधवार देर रात भीषण आग लगने से पांच दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकानदारों को अपना सामान बचाने का मौका तक नहीं मिला। इस घटना में भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात करीब 2:30 बजे बांकड़ा बाजार की फलों की दुकानों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही समय में पांच दुकानें आग की लपटों से घिर गईं, जिससे पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक पांचों दुकानें पूरी तरह जल चुकी थीं। दुकानों में रखे फल और अन्य सामान भी नष्ट हो गए।

आग बुझने के बाद दुकानदार अपनी दुकानों में बचे हुए सामान की तलाश करते नजर आए। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। नुकसान की कुल राशि को लेकर भी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

उल्लेखनीय है कि हावड़ा जिले में हाल के दिनों में आग लगने की कई घटनाएं सामने आई हैं। इससे पहले 13 नवंबर को बाली हॉल्ट बस स्टैंड के नीचे चार से पांच दुकानों में आग लगी थी। उस दौरान दमकलकर्मियों ने पास खड़ी मालगाड़ी को सुरक्षित बचा लिया था। वहीं, अक्टूबर में चटर्जीपाड़ा इलाके के एक होटल में भी आग लगने की घटना हुई थी।

Next Story