उत्तराखंड

विवाद में युवक की चाकू घोंपकर हत्या, साथी गंभीर

Tara Tandi
1 March 2024 9:20 AM GMT
विवाद में युवक की चाकू घोंपकर हत्या, साथी गंभीर
x
उधम सिंह नगर :काशीपुर शहर के आईटीआई थाना क्षेत्रांतर्गत चैती तिराहे के निकट बृहस्पतिवार को रात करीब नौ बजे दो गुटों के बीच हुए आपसी विवाद में कुछ युवकों ने दो युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को सरकारी अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने ग्राम बच्चा वाला कुंडेश्वरी निवासी आकाश सैनी उर्फ घटुंरी पुत्र महेश सैनी को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल उसके साथी अजय कश्यप को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का कारण आपसी रंजिश बताया जा रहा है। पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार रात करीब नौ बजे कुछ युवक चैती तिराहे के पास खड़े थे। इसी बीच वहां दूसरे पक्ष के कुछ अन्य लोग आए और दोनों पक्षों में गाली गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई।
बताया गया कि ग्राम बच्चा वाला निवासी चमन ने अपने भाई आकाश को झगड़े के बारे में जानकारी दी और मदद के लिए बुलाया, जिस पर आकाश अपने साथी अजय कश्यप, विकास और जीतू के साथ मौके पर पहुंच गया। वह दूसरे पक्ष के युवकों से भिड़ गए। इसी दौरान कुछ युवकों ने आकाश और अजय पर चाकू से हमला कर दिया। जिससे वे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। बीच बचाव में चमन और अन्य युवकों के कपड़े फट गए और उन्हें भी चोटें आई।
घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। दोनों घायलों को गंभीर अवस्था में सरकारी चिकित्सालय ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने आकाश सैनी (20) को मृत घोषित कर दिया जबकि उसके साथी अजय को हायर सेंटर रेफर कर दिया।
पुलिस के अनुसार हत्या का कारण स्पष्टीकरण पुराना विवाद बताया गया है। हमलावरों की तलाश की जा रही है। जबकि मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार एक हमलावर को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। थाना प्रभारी प्रवीण सिंह कौशल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया गया कि दोनों पक्षों में पहले भी विवाद हुआ था जो हत्या का कारण हो सकता है। पुलिस का कहना है कि परिजनों से वार्ता के बाद हत्या आरोपियों के बारे में कुछ जानकारी मिली है जिनकी तलाश की जा रही है। मृतक युवक विवाह समारोह में अपने भाई के साथ कैटरिंग का काम करता था।
Next Story