उत्तराखंड

खुद को कमरे में बंद कर युवा किसान ने जहर खाकर जान दी

Admin4
13 March 2023 1:15 PM GMT
खुद को कमरे में बंद कर युवा किसान ने जहर खाकर जान दी
x
हल्द्वानी। रामपुर उत्तर प्रदेश के एक युवा किसान ने जहर खाकर जान दे दी। घटना को अंजाम देने से पहले उसने खुद को कमरे में बंद कर लिया था। उसे गंभीर अवस्था में उपचार के लिए सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय लाया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
रामपुर के भौट निवासी रामकिशोर (28) गांव में ही खेती करता था। परिजनों के मुताबिक रविवार की दोपहर खेत से लौटने के बाद उसने खुद को कमरे में बंद कर लिया। कुछ देर बाद उसकी मां प्रेमवती भी घर पहुंची और उनसे राम किशोर को आवाज लगाई, लेकिन राम किशोर की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। वह राम किशोर के कमरे के पास पहुंची, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। उसने खिड़की से झांक कर देखा तो होश फाख्ता हो गए। राम किशोर को जमीन पर पड़ा देख प्रेमवती चीखती हुई भागी। आवाज सुनकर मौके पर और लोग आ गए। आनन-फानन में राम किशोर को कमरे से निकाल कर एसटीएच पहुंचाया गया।
जहां सोमवार की सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत किन कारणों से हुई, यह तो पोस्टमार्टम के बाद साफ होगा, लेकिन परिवार के लोग जहर से मौत की आशंका जाहिर कर रहे हैं। रामकिशोर के परिवार में उसके पिता रामराज, मां प्रेमवती, पत्नी सुनीता और डेढ़ साल की बेटी पलक है।
Next Story