उत्तराखंड
सीमावर्ती क्षेत्रों मे पहुंच रहे बाहरी लोगों का ठीक से सत्यापन न होना चिंताजनक: विहिप
Shantanu Roy
4 Aug 2022 10:46 AM GMT

x
बड़ी खबर
जोशीमठ। ज्योतिर्मठ में विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) की संगठन विस्तार, स्थापना दिवस व आगामी कार्यक्रमों की योजना को लेकर विभाग अध्यक्ष देवी प्रसाद देवली की अध्यक्षता में बैठक हुई,जिसमें अनेक ज्वलंत विषयों को भी प्रमुखता से रखा गया। बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विहिप के विभाग मंत्री पवन सिंह राठौर ने कार्यकर्ताओं व उपस्थित जनमानस के मध्य विहिप के उद्देश्य, कार्यप्रणाली एवं हिन्दू जागरण विषय पर विस्तृत चर्चा की, कार्यक्रम अध्यक्ष देवी प्रसाद देवली ने विहिप सत्संग का स्वरूप से अवगत कराते हुए दुर्गावाहिनी व बजरंगदल की समिति विस्तार पर जोर दिया।
विहिप जिला संरक्षक/ पूर्व जिला उद्यान अधिकारी शम्भू प्रसाद पंत ने सीमांत क्षेत्र में आ रहे बाह्य लोगों का ठीक से सत्यापन न होने पर चिंता जताते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों और शासन-प्रशासन को इस ओर गंभीरतापूर्वक ध्यान देना चाहिए। बजरंगदल चमोली विभाग के संयोजक प्रकाश बर्तवाल ने कहा कि भोले भाले पहाड़वासी आए दिन कई प्रकार से षड्यंत्रों और जिहाद का शिकार हो रहे हैं। इस पर शासन प्रशासन मूक व लापरवाह बना हुआ है, जिससे मैदानी क्षेत्रों की तरह ही यहां भी भयावह परिणाम होने वाले हैं। बैठक का संचालन जिला मंत्री प्रदीप फर्स्वाण ने किया।
इस अवसर पर संगठन विस्तार करते हुए प्रदीप नवनी को प्रखंड मंत्री, सेना से सेवानिवृत्त सूबेदार प्रेमानंद भट्ट को प्रखंड कोषाध्यक्ष, मनीष बडोला को बजरंगदल नगर सह संयोजक, अनिता पंवार को प्रखंड दुर्गावाहिनी संयोजिका, ऊषा उनियाल को मातृशक्ति संयोजिका, प्रेमादेवी को सहसंयोजिका व राघवानंद भट्ट को नगर संरक्षक का दायित्व दिया गया। इस बैठक में कई नये सदस्य नगर इकाई से जोड़े गए। विहिप नगर अध्यक्ष प्रदीप भट्ट के अनुसार विहिप स्थापना दिवस पर भव्य झांकी का आयोजन किया जाएगा।

Shantanu Roy
Next Story