बदरीनाथ धाम की शीतकालीन पूजा शुरू, देव डोलियों का भव्य स्वागत

गोपेश्वर: बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के बाद भगवान उद्धव और कुबेर की उत्सव डोलियां मंगलवार को पांडुकेश्वर के योगध्यान मंदिर पहुंच गईं। वहीं भगवान गरुड़ की डोली और आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर में विधिवत प्रतिष्ठापित की गई। इसके साथ ही बदरीनाथ धाम की शीतकालीन पूजा व्यवस्था शुरू हो गई है।
रावल अमरनाथ नंबूदरी के नेतृत्व में बदरीनाथ से रवाना हुई देव डोलियों का श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। अब भगवान उद्धव और कुबेर की पूजा पांडुकेश्वर में, जबकि भगवान गरुड़ और शंकराचार्य की गद्दी की पूजा ज्योतिर्मठ में होगी। मकर संक्रांति के बाद भगवान कुबेर को पांडुकेश्वर स्थित कुबेर मंदिर में प्रतिष्ठापित किया जाएगा।
ज्योतिर्मठ में बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती और कर्मचारी यूनियन अध्यक्ष बिजेंद्र बिष्ट सहित स्थानीय लोगों ने देव डोलियों की अगवानी की। बुधवार को नृसिंह मंदिर में विशाल भंडारा और महोत्सव आयोजित होगा। इसके लिए मंदिर को 17 कुंतल फूलों से सजाया गया है। देव डोलियों के शीतकालीन प्रवास स्थलों पर पहुंचने के साथ बदरीनाथ धाम की यात्रा का समापन हो गया।





