Uttarakhand में मौसम बिगड़ा, भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट

Dehradun.देहरादून। उत्तराखंड में पहाड़ों से लेकर मैदानों तक बादल मंडरा रहे हैं और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश का दौर जारी है। हालांकि, बुधवार को मैदानी इलाकों में भारी बारिश के बाद गुरुवार को सूरज और बादलों के बीच लुकाछिपी चलती रही और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। पर्वतीय क्षेत्रों में भी दिनभर बादल मंडराते रहे। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को ज्यादातर इलाकों में आंशिक बादल छाए रहने और हल्की बारिश के आसार हैं। पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है। वहीं, मैदानी इलाकों में बिजली चमकने और आंधी चलने की संभावना है। गुरुवार को देहरादून और आसपास के इलाकों में सुबह आंशिक बादलों के बीच धूप खिली। दिनभर सूरज और बादलों के बीच लुकाछिपी चलती रही और उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया।
हालांकि, दून और मसूरी के बीच हल्की बारिश भी दर्ज की गई। चारधाम समेत आसपास के इलाकों में आंशिक बादल छाए रहे। पर्वतीय इलाकों में कुछ जगहों पर बूंदाबांदी भी हुई। हालांकि, ज्यादातर इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य या उससे कम बना हुआ है। न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार अगले दो दिन प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला रह सकता है। पर्वतीय क्षेत्रों खासकर पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भारी बारिश हो सकती है। जबकि, अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तेज बारिश का दौर चल सकता है। मैदानी क्षेत्रों में आंधी को लेकर येलो अलर्ट है। देहरादून में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। चारधाम और यात्रा मार्गों पर आंशिक बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।





