उत्तराखंड

उत्तराखंड में मौसम ने बदली करवट, मसूरी सहित इन शहरों में बर्फबारी, बढ़ेगी ठंड

Renuka Sahu
27 Dec 2021 4:38 AM GMT
उत्तराखंड में मौसम ने बदली करवट, मसूरी सहित इन शहरों में बर्फबारी, बढ़ेगी ठंड
x

फाइल फोटो 

उत्तराखंड में रविवार को मौसम ने करवट ली है।मूसरी, चोपता आदि शहरों में बर्फबारी हुई है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। उत्तराखंड में रविवार को मौसम ने करवट ली है।मूसरी, चोपता आदि शहरों में बर्फबारी हुई है। बर्फबारी के बाद पारा गिरने से प्रदेशभर में शीतलहर का प्रकोप भी शुरू हो गया है। पहाड़ों की रानी मसूरी में मौसम का मिजाज बदलते ही बर्फबारी होने से पर्यटकों के चेहरे खिल उठे हैं। अचानक मौसम का मिजाज बदलने से मसूरी की ऊंची पहाड़ियों पर हुई बर्फबारी के बाद अब मसूरी में भी बर्फ गिरनी शुरू हो गई।

हालांकि अभी तक बर्फ जमीन पर नहीं टिक पाई। बाहर से आए पर्यटक बर्फ गिरते देख काफी उत्साहित नजर आए। मौसम विभाग ने पह ले ही प्रदेश की ऊंची पहाड़ियों पर बर्फबारी एवं ओलावृष्टिहोने के संकेत दिए थे जिसके बाद आज मसूरी में बर्फ गिरने से मौसम खुशनुमा हो गया है और स्थानीय लोगों के साथ ही पर्यटक भी जमकर बर्फबारी का आनंद ले रहे हैं। उत्तराखंड में रविवार से मौसम ने करवट बदली। कुछ पर्वतीय इलाकों में बारिश और बर्फबारी हुई। 30 दिसंबर तक उत्तराखंड में ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, थर्टी फर्स्ट और नए साल पर मौसफ साफ रह सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार, 27 दिसंबर को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिले में कहीं कहीं हल्की बारिश हो सकती है। तीन हजार मीटर एवं उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी होगी। 28 और 29 दिसंबर को कुमाऊं और इससे सटे गढ़वाल मंडल के पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
2500 मीटर एवं उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का पूर्वानुमान है। 30 दिसंबर को भी कुमाऊं मंडल के पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम खराब रहेगा। हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। बाकी जिलों में खासकर मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा। सुबह के समय कुहासा रह सकता है। बादल भी छाए रह सकते हैं। 30 के बाद अगले दो दिन मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। फिल्हाल मौसम विभाग ने कोई अलर्ट जारी नहीं किया है।
केदारनाथ सहित हिमालय की पहाड़ियों में बर्फबारी
दो दिनों से मौसम के बदले मिजाज ने जिलेभर में ठंड बढ़ा दी है। रविवार को केदारनाथ सहित हिमालय की पहाड़ियों में जमकर हिमपात किया। सुबह से केदारनाथ, मद्महेश्वर, तुंगनाथ और अन्य पहाड़ियों पर बर्फबारी हुई जो देर सायं तक जारी रही। बर्फबारी से केदारनाथ के साथ ही सभी ऊंचे और निचले स्थानों में ठंड बढ़ गई है।
रविवार को सुबह से ही मुख्यालय सहित जिले के सभी स्थानों पर आसमान में बादल छाए रहे। केदारनाथ में सुबह से बर्फबारी होनी शुरू हो गई जो दिनभर जारी रही। हालांकि बीच में कुछ समय बर्फबारी रुकी किंतु शाम होते ही फिर से हिमपात शुरू हुआ जो देर सायं तक जारी रहा। वहीं मद्महेश्वर, तुंगनाथ, चन्द्रशिला, चोपता आदि स्थानों पर बर्फबारी हुई। केदारनाथ में रह रहे ललित राम दास जी महाराज ने बताया कि शनिवार और रविवार को केदारपुरी सहित अनेक स्थानों में बर्फबारी हो रही है।
तापमान गिर गया है। पानी पूरी तरह जम गया है। वहीं मुख्यालय के साथ ही जिले के सभी नगरीय कस्बों और गांवों में लोगों ने ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा लिया। लोग ठंड से बचने के लिए घरों में ही रहे। इधर बर्फबारी के चलते जिले के पर्यटक स्थलों में पर्यटकों की भी आवाजाही होने लगी है। कुछ पर्यटक बर्फबारी का आनंद लेने पर्यटक स्थलों की ओर पहुंच गए हैं।


नए साल के जश्न से पहले नैनीताल में बर्फबारी की उम्मीद
नए साल के जश्न से पहले नैनीताल में बर्फबारी की उम्मीद बढ़ गई है। रविवार शाम को नैनीताल में फाहे (बर्फ के कण) गिरे। इससे मौसम में ठंडक और ज्यादा बढ़ गई। दूसरी ओर, हल्द्वानी में भी दिनभर बादल छाए रहे। नैनीताल सहित आसपास के इलाके में रविवार को मौसम काफी सर्द रहा। पूरे दिन बादल घिरे रहे। वीकेंड के चलते नैनीताल में पर्यटकों की भी भीड़ है। पर्यटकों ने मौसम का लुत्फ उठाया। मुक्तेश्वर का न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे वहां ठंड अपने चरम पर पहुंच गई है।
नैनीताल में अधिकतम तापमान 11 और न्यूनतम 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। भवाली, भीमताल सहित जिले के पर्वतीय इलाकों में मौसम ठंडा बना हुआ है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 31 दिसंबर तक नैनीताल सहित जिलेभर में बारिश व बर्फबारी का अनुमान है। दूसरी ओर हल्द्वानी में भी दिनभर बादल छाए रहे। बीच-बीच में कुछ देर के लिए धूप निकली। अधिकतम तापमान 19 और न्यूनतम 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कपकोट के बुग्यालों में हल्की बर्फबारी
बागेश्वर जिले में तीन दिन से मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कभी धूप कभी बादल के कारण ठिठुरन बढ़ गई है। रविवार को सुबह कोहरा और फिर आसमान में बाछल छा गए। देर शाम कपकोट के बुग्यालों में हल्की बर्फबारी हुई। इस कारण समूचे जिले में ठंड में इजाफा हो गया है। लोगों ने घरों में रहकर अलाव आदि जलाए। गेहूं आदि की सिंचाई के लिए किसान भी अच्छी बारिश के इंतजार में हैं। उधर, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने कहा कि बारिश के आसार बने हुए हैं। जिले के न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा।

मुनस्यारी में मौसम का तीसरा हिमपात, बर्फ से लकदक हुई हिमनगरी
हिमनगरी में मौसम का तीसरा हिमपात हुआ। यहां रविवार देर शाम ताजा बर्फबारी हुई। बर्फबारी होने से पर्यटक खुशी से झूम उठे। उन्होंने होटलों से निकलकर कड़ाके की ठंड में बर्फबारी का जमकर आनंद उठाया। रविवार देर शाम मुनस्यारी में बर्फबारी हुई। पूरी हिमनगरी बर्फ से लकदक हो गई। बर्फबारी देख पर्यटकों के चेहरे खिल उठे। यहां की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने होटलों में रुके पर्यटक बाहर निकले और बर्फबारी का जमकर आनंद उठाया।

कड़ाके की ठंड के बावजूद पर्यटक खाना छोड़ देर रात तक बर्फबारी का आनंद लेते रहे। कई पर्यटक इन पलों को अपने कैमरे में कैद करते नजर आए। वहीं बर्फबारी के बाद यहां का तापमान माइनस 7 डिग्री पहुंच गया है, जिससे यहां कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बीते शुक्रवार को भी यहां बर्फबारी हुई। इस बार दिसंबर के अंत में तीसरी बार बर्फबारी होने से पर्यटन कारोबारियों के चेहरे पर भी मुस्कान है।


Next Story