उत्तराखंड

हरिद्वार में मतदाता जागरूकता अभियान शुरू, डीएम ने रवाना किए वाहन

Admindelhi1
16 Nov 2026 3:34 PM IST
हरिद्वार में मतदाता जागरूकता अभियान शुरू, डीएम ने रवाना किए वाहन
x
हरिद्वार में चुनावी जागरूकता अभियान को डीएम ने दिखाई हरी झंडी

हरिद्वार: आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर हरिद्वार में निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं को जागरूक करने की कवायद तेज कर दी है। मतदान प्रक्रिया को लेकर लोगों की शंकाएं दूर करने और अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिलेभर में विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया गया है।

सोमवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने कलेक्ट्रेट परिसर से जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत वाहन जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेंगे।

अभियान के दौरान ग्रामीण इलाकों से लेकर कस्बों और शहरी क्षेत्रों तक लोगों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) की कार्यप्रणाली समझाई जाएगी। मतदाताओं को मतदान के तरीके और इन मशीनों के इस्तेमाल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी जाएंगी।

प्रशासन का मानना है कि मतदान प्रक्रिया की सही जानकारी मिलने से लोगों के मन में मौजूद भ्रम और संशय दूर होंगे। इसके साथ ही नागरिकों को अपने मताधिकार का महत्व समझाते हुए बिना किसी डर या दबाव के मतदान करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

वाहनों को रवाना करते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में प्रत्येक मतदाता की भूमिका अहम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जागरूकता कार्यक्रम केवल शहरी क्षेत्रों तक सीमित न रहे, बल्कि जिले के दूरस्थ गांवों और प्रत्येक क्षेत्र तक इसकी पहुंच सुनिश्चित की जाए।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरके सिंह और सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अरुणेश पैन्यूली सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Next Story