पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन पड़ा भारी, राजपुर रोड पर छह प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में पर्यावरणीय मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ जिला प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने संयुक्त कार्रवाई की है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर बुधवार को राजपुर रोड क्षेत्र में छह प्रतिष्ठानों को सील कर दिया गया।
कार्रवाई की जद में मोजो रेस्टो बार एवं पार्टी लाउंज, लाइफस्टाइल (प्लेबॉय), लेवल वन रेस्टो, केएफसी (वर्ल्ड ट्रेड टावर), एएस-4 और इंटीग्रेटेड फैसिलिटी मैनेजमेंट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं।
प्रशासन के अनुसार, संबंधित प्रतिष्ठानों को पहले ही पर्यावरणीय मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर मंगलवार को विद्युत कनेक्शन काटे गए और बुधवार को सीलिंग की कार्रवाई की गई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। संयुक्त अभियान में क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी नरेश गोस्वामी, तहसीलदार सदर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।





