चिपलघाट में आयोजित शिविर में ग्रामीणों ने रखीं विभिन्न समस्याएं

पौड़ी गढ़वाल: पाबौ विकासखंड के चिपलघाट में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में ग्रामीणों ने सड़क, योजनाओं और विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ की भावना के तहत आयोजित शिविर में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने ग्रामीणों से संवाद कर समस्याएं सुनीं और विभागीय अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश दिए।
शिविर में पशुपालन, समाज कल्याण, कृषि, उद्यान, स्वास्थ्य समेत 15 विभागों के स्टॉल लगाए गए। अधिकारियों ने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान तीन महिलाओं को महालक्ष्मी किट और तीन को पोषण किट वितरित की गईं। ग्रामोत्थान परियोजना के तहत दो महिलाओं को सिलाई मशीन के लिए 30-30 हजार रुपये के चेक भी दिए गए।
इसके बाद मंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्र जितोली में ‘आंगन-मिलन सेवा’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं और ग्रामीण महिलाओं से बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य व शिक्षा को लेकर संवाद किया। वहीं राजकीय इंटर कॉलेज सांकरसैंण में चित्रकला प्रदर्शनी और भाषण प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं की प्रतिभा को सराहा।
मंत्री ने कहा कि पाबौ विकासखंड के लगभग सभी राजस्व ग्राम सड़क से जुड़ चुके हैं। शेष तीन तोकों को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए एस्टीमेट मांगा गया है और मार्च तक सड़क पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में सीडीओ अशोक जोशी, जिला विकास अधिकारी रमेश चंद, बीडीओ हरेंद्र कोली, तहसीलदार राजेंद्र गोस्वामी समेत अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।





