टिहरी में शहीद बिकोदर सिंह खाती को श्रद्धांजलि, ग्रामीणों ने किया नमन

नई टिहरी: उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए सीआरपीएफ कांस्टेबल बिकोदर सिंह खाती को उनके शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। चंबा ब्लॉक के माणदा गांव में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों और सीआरपीएफ जवानों ने शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके बलिदान को याद किया।
बिकोदर सिंह खाती वर्ष 2002 में जम्मू-कश्मीर में तैनाती के दौरान आतंकवादियों से मुठभेड़ में शहीद हो गए थे। उनकी वीरता और बलिदान के लिए उन्हें मरणोपरांत राष्ट्रपति वीरता पुलिस पदक से सम्मानित किया गया था।
शहादत दिवस पर सीआरपीएफ के हवलदार एसएस रावत और पुलिस चौकी गजा के वरिष्ठ कांस्टेबल मनीष रावत ने शहीद के पैतृक गांव पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान शहीद की पत्नी बिसला देवी और पुत्र मनीष सिंह एवं अनीष सिंह खाती भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में ग्रामीणों ने गजा-माणदा सड़क पर शहीद बिकोदर सिंह खाती के नाम से स्वागत द्वार बनाने और सड़क का शीघ्र डामरीकरण कराने की मांग उठाई।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान भगवानी देवी, गजेंद्र सिंह खाती, विजेंद्र सिंह खाती, रौनक सिंह और अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।





