उत्तराखंड

शातिर चोर ने फौजी के घर का ताला तोड़ लाखों के जेवर उड़ाए, मामला दर्ज

Admin Delhi 1
5 Oct 2022 2:01 PM GMT
शातिर चोर ने फौजी के घर का ताला तोड़ लाखों के जेवर उड़ाए, मामला दर्ज
x

हल्द्वानी क्राइम न्यूज़: मुखानी थाना क्षेत्र में चोर और महिलाओं के गैंग ने एक के बाद एक ताबड़तोड़ तीन वारदातों को अंजाम दिया। पहले मामले में चोरों ने दिनदहाड़े फौजी के घर का ताला तोड़ कर लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया।जबकि महिलाओं के गैंग ने चलती ऑटो में दो वारदातों को अंजाम दिया और दो महिलाओं के गले से सोने की चेन उड़ा दी। महिलाओं को घटना का पता तब लगा, जब वह ऑटो से उतर गईं। खास बात यह कि महिला चोरों के इस गैंग में एक बच्ची भी है। चोरी की चौथी घटना काठगोदाम थानाक्षेत्र में हुई। पुलिस ने चारों मामलों में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

फौजी के बच्चे गए थे स्कूल और पत्नी बाजार: मुखानी थाना क्षेत्र में चोरों ने फौजी के घर को निशाना बनाया और दिनदहाड़े ताला तोड़ कर लाखों के जेवर और हजारों की नगदी पर हाथ साफ कर दिया। चोर घर से जरूरी कागजात भी ले गए हैं। पुलिस घटना स्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पदमपुर निगल्टिया मुखानी आनंद सिंह पुत्र स्व.गोधन सिंह सेना में सेवारत हैं। वह यहां अपनी पत्नी व बच्चों के साथ रहते हैं। आनंद ने पुलिस को बताया कि बीते मंगलवार सुबह उनके बच्चे स्कूल गए थे और सुबह करीब 11 बजे उनकी पत्नी भी किसी काम से बाजार चली गई। दोपहर करीब 12 बजे वह घर लौटी तो उसके होश फाख्ता हो गए। र के मुख्य द्वार पर लगा ताला टूटा पड़ा था। घर के अंदर भी कई ताले टूटे और सामान यहां-वहां बिखरा पड़ा था। देखा तो घर में रखे लाखों के जेवर, 10 हजार रुपये की नगदी और जरूरी कागजात गायब थे। आनन-फानन में उन्होंने इसकी सूचना आनंद को दी और जानकारी पाकर कुछ ही देर में मुखानी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। आनंद की तहरीर पर मुखानी पुलिस केस दर्ज कर चोरों की तलाश में जुट गई है।

मोटाहल्दू, हल्दूचौड़ के बाद की काठगोदाम में चोरी: मोटाहल्दू और हल्दूचौड़ में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाली आवास विकास निवासी जसलीन कौर ने काठगोदाम में चोरी की। कैनाल रोड जागनाथ कालोनी काठगोदाम निवासी निर्मला बिष्ट पत्नी जगत सिंह बिष्ट ने पुलिस को बताया कि जसलीन ने उनके बेडरूम में घुसकर बेड के सिराहने पर रखी सोने की दो अंगूठी चुरा लीं। किराएदार गीतांजली बोरा ने जसलीन को कमरे में आते और फिर जाते देखा था।

ई-रिक्शा में सवार वृद्धा की सोने की चेन उड़ा ली: आदर्श नगर निवासी 71 वर्षीय देवी शर्मा ने पुलिस को बताया कि उन्हें दांतों में तकलीफ थी और इलाज के लिए वह डेंटिस्ट के पास जा रही थी। वह बाल भारती स्कूल के पास से ई-रिक्शे पर सवार हुईं। थोड़ी दूर जाकर ई-रिक्शा पर कुछ महिलाएं सवार हुईं, जिनके साथ एक आठ साल की बच्ची भी थी। बच्ची देवी को पैर मारने लगी। गैस गोदाम चौराहे पर देवी ई-रिक्शा से उतरीं और तभी उन्होंने पाया कि गले से सोने की चेन गायब है।

महिला गिरोह ने ऑटो में महिला की चेन उड़ाई: कुसुमखेड़ा एकता विहार मुखानी निवासी विमला रावत पत्नी बलवंत सिंह ने बताया कि बीती तीन अक्टूबर को वह ऑटो से कुसुमखेड़ा चौराहे से कालाढूंगी चौराहा को जा रही थी। पीलीकोठी चौराहे से ऑटो में तीन महिलाएं और एक लड़की बैठी। पिछली घटना की तरह लड़की बार-बार पैर मार रही थी। अपने गंतव्य पर पहुंच कर विमला ऑटो से उतर गईं और कुछ आगे जाकर उन्हें देखा तो उसके गले से सोने की चेन गायब थी।

Next Story