उत्तराखंड

शातिर अपराधी कमल सिंह का पच्चीस घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं

Admin Delhi 1
16 Sep 2022 3:01 PM GMT
शातिर अपराधी कमल सिंह का पच्चीस घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं
x

अल्मोड़ा क्राइम न्यूज़: अल्मोड़ा पुलिस की कैद से फरार शातिर अपराधी कमल सिंह का पच्चीस घंटे बाद भी सुराग नहीं लग सका है। उस पर जिले के दन्यां क्षेत्र में रंजिशन दुकान में आग लगाने, बाइक चोरी जैसे अपराधों को अंजाम देने का आरोप है। इतना ही नहीं उसकी फरार होने से बहन और उसके प्रेमी की जान को खतरा बढ़ गया है। बीते चार सितंबर को दन्यां क्षेत्र में एक दुकान में अज्ञात ने आग लगा दी गई थी। वहीं क्षेत्र से एक बाइक भी चोरी हुई थी। इन दोनों मामलों में सोमवार को पुलिस ने आरोपित कमल सिंह ग्राम पोखरी दन्यां निवासी को गिरफ्तार किया था। आरोपित ने रंजिश में दुकान में आग लगाई थी। वहीं अपने दूसरे साथी के साथ बाइक चोरी की थी।

बीते मंगलवार को पुलिस ने कोर्ट में पेश करने के बाद कमल को जेल भेज दिया था। कमल की शादीशुदा बहन क्षेत्र निवासी खट्टा नाम के व्यक्ति के साथ भाग गई थी। जिसके चलते कमल पर खून सवार था। बहन केप्रेमी को जान से मारने की फिराक में था। लेकिन इस बड़ी घटना के अंजाम देने से पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को उसे पुलिस पेशी के लिए फिर से न्यायालय में लाई तो वह पुलिस कर्मियों को धक्का मार कर फरार होने में कामयाब हो गया था। देर रात तक पुलिस ने पूरे क्षेत्र में नाकाबंदी की। जगह जगह चेकिंग की गई। अन्य जिलों की पुलिस को भी सूचना दी गई। लेकिन पूरी रात बीतने के साथ 25 घंटे बाद अब तक भी फरार आरोपी का कहीं सुराग नहीं लग सका है। एसएसपी अल्मोड़ा प्रदीप कुमार राय ने बताया कि जगह जगह संभावित इलाकों में दबिश दी जा रही है। फिलहाल बंदी का सुराग नहीं लगा है।

चार साल में फरार हुए तीन कैदी: अल्मोड़ा जिले में इससे पहले भी कैदी पुलिस अभिरक्षा से भाग चुके हैं। 30 मई 2018 को रानीखेत क्षेत्र से एक आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उसे न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने जिला कारागार अल्मोड़ा भेजने के आदेश दिए। उसे कोर्ट में पेश कर आदेश के तहत अल्मोड़ा जेल लाया जा रहा था। लेकिन आरोपित रास्ते से भाग गया। इसी घटना के एक सप्ताह पहले द्वाराहाट में पुलिस टीम को चकमा देकर एक और आरोपित फरार हुआ था। बाद में उसे ग्रामीणों की मदद से पकड़ लिया गया था। अब दन्या से पकड़ा गया शातिर अपराधी कमल सिंह फिर पुलिस की गिरफ्त से फरार होने में कामयाब हो गया।

Next Story