Uttarkashi: भालू के हमले के बाद वनकर्मी अस्पताल में भर्ती

उत्तरकाशी: भटवाड़ी ब्लॉक के नटीण गांव में रविवार सुबह भालू ने अचानक एक व्यक्ति पर हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने उसे पीएचसी भटवाड़ी पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रैफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि भालू के हमले में घायल व्यक्ति वन विभाग का दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी है। वहीं इस घटना के बाद क्षेत्र के ग्रामीण दहशत में हैं।
नटीण गांव के पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य राजकेंद्र ने बतया कि रविवार सुबह मंगल सिंह निवासी द्वारी भटवाड़ी नटीण गांव की तरह जा रहे थे।
इसी दौरान भालू उनके सामने आ गया और हमला कर दिया। भालू के हमले से मंगल सिंह के पैर, घुटने पर गहरे जख्म आये हैं। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उसे किसी तरह भालू से बचाया और इसकी सूचना परिजनों व वन कर्मियों को दी। जिसके बाद वन वीट अधिकारी अत्तर सिंह गुसांई, दिनेश कुमार और वन कर्मी मौके पर पहुंचे और उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भटवाड़ी लाया।
जहां चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार दिया। लेकिन घायल की गंभीर स्थिति होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रैफर कर दिया। गुसांई ने बताया कि भालू के हमले से घायल व्यक्ति को उपचार के लिए विभाग की ओर से दस हजार रूपए की आर्थिक मदद दी गई है। दूसरी ओर रविवार को भालू के हमले के बाद नटीन और आसपास के गांवों में वन्यजीवों की आवाजाही को लेकर ग्रामीणों दहशत में आ गए हैं। ग्रामीणों ने क्षेत्र में भालू की गतिविधियों पर नजर रखने और सुरक्षा के लिए वन विभाग से आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।





