Uttarkashi: मलबा आने से फंसे श्रद्धालु, एसडीआरएफ ने सुरक्षित पहुंचाया

उत्तरकाशी: उत्तरकाशी जिले में यमुनोत्री मार्ग पर स्यानाचट्टी के पास शनिवार को भारी मलबा आने से सड़क अवरुद्ध हो गई, जिससे कई श्रद्धालु मार्ग में फंस गए। राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया और करीब 100 यात्रियों को सुरक्षित मार्ग पार कराया है।
एसडीआरएफ के अनुसार, सड़क पूरी तरह बंद होने के कारण टीम ने वैकल्पिक मार्ग पर रस्सी (रोप) फिक्स कर सुरक्षित रास्ता तैयार किया। इसके बाद जवानों ने एक-एक कर लगभग 100 यात्रियों को सावधानीपूर्वक सुरक्षित सड़क पार कराया।
राहत अभियान में एसडीआरएफ पोस्ट बड़कोट से मुख्य आरक्षी दुर्गेश रतूड़ी के नेतृत्व में एक टीम व एसडीआरएफ पोस्ट जानकीचट्टी से मुख्य आरक्षी राजेश कुमार के नेतृत्व में दूसरी टीम ने भाग लिया। दोनों टीमें आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचीं और समन्वित ढंग से अभियान संचालित किया।
एसडीआरएफ ने कहा कि प्रदेश में आपदा और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी राहत एवं बचाव कार्यों के लिए बल पूरी तरह प्रतिबद्ध है।





