उत्तराखंड में अभियोजन विभाग होगा आधुनिक, मुख्यमंत्री ने किया ऐलान

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को पुलिस लाइन देहरादून में संविधान एवं विधि दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अभियोजन विभाग के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने नए आपराधिक कानूनों के प्रशिक्षण और जनजागरूकता के लिए 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने अभियोजन कार्यालयों के आधुनिकीकरण, कंप्यूटर सहित आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता और सभी जिलों में कार्यालयों की बुनियादी सुविधाएं बेहतर बनाने का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अभियोजन सेवा आपराधिक न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ है।
धामी ने भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम का उल्लेख करते हुए पीड़ितों के अधिकारों और समयबद्ध न्याय पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ई-फाइलिंग, डिजिटल न्यायालयों और वर्चुअल सुनवाई जैसी सुविधाओं का विस्तार कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 12 लोगों को सम्मानित किया। उन्होंने ‘उत्तराखण्ड अभियोजन पत्रिका’ और ‘हमारा राज्य, हमारा कानून’ का विमोचन किया। साथ ही उपस्थित लोगों को संविधान की शपथ दिलाई और विधि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।





