उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था बढ़ी, प्रति व्यक्ति आय 2.73 लाख के पार

देहरादून: उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार ने पिछले पांच वर्षों के दौरान किए गए कानूनी सुधारों, आर्थिक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी उपलब्धियों का ब्योरा प्रस्तुत किया है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश की अर्थव्यवस्था के विस्तार के साथ प्रति व्यक्ति आय, रोजगार और औद्योगिक गतिविधियों में वृद्धि दर्ज की गई है।
राज्य सरकार के मुताबिक, 27 जनवरी 2025 को उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला पहला राज्य बना। इसके अंतर्गत विवाह, तलाक, उत्तराधिकार और लिव-इन रिलेशनशिप से संबंधित समान कानूनी व्यवस्था लागू की गई है।
सरकारी भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए वर्ष 2023 में सख्त नकलरोधी कानून लागू किया गया। इसमें संगठित तरीके से परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों के लिए आजीवन कारावास और 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान किया गया है।
वर्ष 2022 में धर्मांतरण विरोधी कानून को अधिक सख्त बनाया गया। इसके अलावा सरकारी एवं निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से क्षतिपूर्ति वसूलने के लिए वर्ष 2024 में संपत्ति क्षति वसूली अधिनियम लागू किया गया।
प्रदेश सरकार ने भू-कानून में बदलाव करते हुए हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर को छोड़कर 11 पर्वतीय जिलों में बाहरी राज्यों के लोगों द्वारा कृषि एवं उद्यान भूमि खरीदने पर प्रतिबंध लगाया है। सरकार का दावा है कि अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई में 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि मुक्त कराई गई है।
आर्थिक मोर्चे पर सरकारी आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2024-25 में प्रदेश का सकल राज्य घरेलू उत्पाद बढ़कर 3,81,889 करोड़ रुपये हो गया। प्रति व्यक्ति आय 1,94,670 रुपये से बढ़कर 2,73,921 रुपये पहुंच गई। राज्य की आर्थिक विकास दर 7.23 प्रतिशत दर्ज की गई है।
वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 1,11,703.21 करोड़ रुपये का बजट पारित किया गया है। बहुआयामी गरीबी सूचकांक 9.7 प्रतिशत से घटकर 6.92 प्रतिशत और श्रम बल भागीदारी दर 60.1 प्रतिशत से बढ़कर 64.4 प्रतिशत हो गई है।
प्रदेश में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों की संख्या बढ़कर 79,394 हो गई है। इन उद्यमों में रोजगार प्राप्त करने वालों की संख्या 4,56,605 दर्ज की गई। वहीं, स्टार्टअप की संख्या बढ़कर 1,750 पहुंच गई है।
सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत करीब 9.99 लाख लाभार्थियों को प्रतिमाह लगभग 148 करोड़ रुपये की पेंशन डीबीटी के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है। पात्र वृद्ध दंपति के दोनों सदस्यों को अलग-अलग 1,500 रुपये मासिक पेंशन देने की व्यवस्था है।
मुख्यमंत्री अंत्योदय निःशुल्क गैस रिफिल योजना के तहत करीब पौने दो लाख परिवारों को प्रतिवर्ष तीन गैस सिलेंडर निःशुल्क रिफिल कराने की सुविधा मिल रही है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शहरी क्षेत्रों में 53 हजार से अधिक और ग्रामीण क्षेत्रों में 39,815 परिवारों को आवास योजना का लाभ मिला है। प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत 925 आवास बनाए गए हैं। वहीं, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के माध्यम से 33 हजार से अधिक छोटे कारोबारियों को बैंक ऋण उपलब्ध कराया गया है।
प्रदेश सरकार इन उपलब्धियों को उत्तराखंड में प्रशासनिक सुधार, आर्थिक प्रगति और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में किए गए प्रयासों का परिणाम बता रही है।





