उत्तराखंड का खूबसूरत पंवाली कांठा बुग्याल, ट्रैकिंग प्रेमियों के लिए जन्नत

नई टिहरी: उत्तराखंड के टिहरी जिले में समुद्र तल से करीब 3,400 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पंवाली कांठा बुग्याल शीतकालीन पर्यटन और ट्रैकिंग प्रेमियों के लिए आकर्षक स्थल है। खूबसूरत पहाड़ी वादियां, मखमली घास के मैदान, प्राकृतिक झरने और बर्फ से ढकी हिमालयी चोटियां यहां की सुंदरता को बढ़ाती हैं।
भिलंगना ब्लॉक के घुत्तू क्षेत्र में स्थित इस पर्यटन स्थल का ट्रैक घनसाली से मेंडू सिंधवाल गांव और माटिया बुग्याल होते हुए गुजरता है। दुर्गम पहाड़ी रास्ते और तेजी से बदलता मौसम इस सफर को चुनौतीपूर्ण बनाते हैं।
मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने बताया कि क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय युवाओं को गाइड सेवा, होमस्टे और स्थानीय उत्पादों के माध्यम से स्वरोजगार के अवसर मिल सकते हैं। ग्रामोत्थान योजना के तहत घंटाकर्ण स्वयं सहायता समूह को पर्यटन गतिविधियों के लिए 10 लाख रुपये की परियोजना से जोड़ा गया है।
पंवाली कांठा में पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार पर्यटन को प्राथमिकता देते हुए साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।





