उत्तराखंड में मतदाता सूची की जांच तेज, अब तक 50 हजार नए नामों के आवेदन

देहरादून: उत्तराखंड में मतदाता सूची को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए निर्वाचन विभाग ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) अभियान तेज कर दिया है। अब एक से अधिक स्थानों पर नाम दर्ज कराने वाले मतदाताओं को डुप्लीकेट समान प्रविष्टि (DSE) के तहत चिह्नित कर नियमानुसार जांच की जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने शुक्रवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में बताया कि मतदाता सूची में नाम, पता और अन्य विवरणों की गलतियां सुधारने के लिए 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं।
उन्होंने बताया कि अब तक करीब 50 हजार फॉर्म-6, आठ हजार फॉर्म-7 और 43 हजार फॉर्म-8 प्राप्त हुए हैं। राजनीतिक दलों से बूथ लेवल एजेंट के माध्यम से भी संशोधन के आवेदन करवाने की अपील की गई है।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 28 दिसंबर तक दावे-आपत्तियों का निस्तारण होगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित की जाएगी।





