
x
जनता से रिश्ता वेबडेस्क : 'आओ गांव चलें, उत्तराखंड को तंबाकूमुक्त करें' अभियान के तहत जखोली ब्लाक के लिस्वाल्टा व खलियान बांगर को तंबाकू मुक्त घोषित किया गया। इस अवसर पर दोनों गांवों में पचास से अधिक व्यक्तियों ने तंबाकू का सेवन न करने की शपथ ली गई। जनपद में अब तक कुल पांच गांव तंबाकूमुक्त घोषित हो चुके हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. बीके शुक्ला ने बताया कि उक्त अभियान के तहत जनपद को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए गोष्ठी व जनजागरूकता गतिविधियों के साथ-साथ चालान व कोटपा अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संवेदीकृत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जिले के लिस्वाल्टा व खलियान बांगर गांव को तंबाकूमुक्त घोषित किया गया, जिसके साथ जनपद में अब तक कुल पांच गांव चापड़, कमेड़ा, गंधारी, लिस्वाल्टा व खलियान बांगर तंबाकू मुक्त घोषित हो चुके हैं। बताया कि तंबाकू मुक्त अभियान के तहत ग्रामीणों से तंबाकू छोड़ने व अच्छी सेहत से जुड़ने की अपील की गई। बताया कि तंबाकू छोड़ने से कैंसर व ह्दयघात का जोखिम कम होता है, रक्त संचार व फेफड़े बेहतर ढंग से कार्य करते हैं। साथ ही खांसी, थकान और सांस की समस्या की शिकायत कम हो जाती है। लिस्वाल्टा में ग्राम प्रधान नरेंद्र सिंह रावत व ग्राम खलियान में बिछना देवी की अध्यक्षता में हुई बैठकों में तंबाकू मुक्त अभियान के बारे में ग्रामीणों को जागरूक किया गया। साथ ही गांव में कोटपा अधिनियम के प्रावधानों के विषयक प्रचार-प्रसार किया गया। संकल्प लिया गया, यदि गांवों में चौक-चौराहों व सार्वजनिक स्थानों पर यदि कोई तंबाकू का सेवन करते पाया गया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर नेहा गोसाई, एएनएम कुसुम कठैत, सुमित्रा देवी, विजया देवी, सरिता देवी आदि मौजूद थे।
Next Story





