उत्तराखंड

Uttarakhand : आज भी ऊंची चोटियों पर बर्फबारी, खून जमा रही ठंड

Deepa Sahu
9 Jan 2022 7:41 AM GMT
Uttarakhand : आज भी ऊंची चोटियों पर बर्फबारी, खून जमा रही ठंड
x
उत्तराखंड में शनिवार के बाद आज रविवार को भी बारिश, बर्फबारी जारी है।

उत्तराखंड में शनिवार के बाद आज रविवार को भी बारिश, बर्फबारी जारी है। जिससे पूरे राज्य में खून जमाने वाली ठंड पड़ रही है। लोग घरों में दुबके हुए हैं। वहीं पहाड़ी इलाकों में अलाव जलाकर लोग गुजर-बसर कर रहे हैं। बर्फबारी की वजह से गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे कई जगह पर बंद पड़ा हुआ है।

चकराता, धनोल्टी और औली में बर्फबारी
देहरादून में रविवार सुबह भी हल्की बारिश जारी रही। हालांकि बाद में धूप खिल आई। मसूरी में देर रात से बारिश हो रही है। शहर में कड़ाके की ठंड बढ़ गई है। चारधामों में बर्फबारी हो रही है। रुद्रप्रयाग जिले में सुबह से बारिश हो रही है। केदारनाथ में बर्फबारी जारी है।चमोली जनपद में लगातार बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। चकराता, धनोल्टी और औली के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई है।
यमुनोत्रीधाम सहित यमुना घाटी में रविवार सुबह से बारिश और बर्फबारी हो रही है। मौसम के इस मिजाज से लोग घरों में दुबके हुए हैं। बर्फबारी-बारिश के चलते यमुनोत्री हाईवे अभी भी बंद है। यहां तक की मार्ग खोलने का कार्य भी शुरू नहीं हो पाया है। यमुनोत्री क्षेत्र में आए आठ पर्यटक अभी भी जानकीचट्टी में ही फंसे हुए हैं। यमुनोत्री हाईवे बंद होने के कारण कल से चिन्यालीसौड से लौट रहे भाजपाई सहित कई लोग भी राडी के निकट फंसे हुए हैं।उत्तरकाशी के चारों ओर चोटियां बर्फ से लकदक हो गईं हैं। नई टिहरी में बीती रात से लगातार बारिश हो रही है। बर्फबारी के कारण चंबा- मसूरी मोटर मार्ग पर दूसरे दिन भी वाहनों का संचालन शुरू नहीं हो पाया है। श्रीनगर में रात 11 बजे से बारिश हो रही है। यहां विद्युत आपूर्ति भी ठप है।
कुमाऊं में पिथौरागढ़ की ऊंची चोटियों और नैनीताल के चाइन पीक पर बर्फबारी हुई है। पंतनगर, रानीखेत, जसपुर, भवाली, रुद्रपुर, पिथौरागढ़, लोहाघाट, डीडीहाट, नैनीताल में तड़के से बारिश हो रही है। वहीं रामनगर में धूप खिली हुई है।
गढ़वाल-कुमाऊं में आज कई जगह बर्फबारी
मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी दून समेत प्रदेश के कई इलाकों में रविवार को भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के 2500 मीटर से ज्यादा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ गिरने का अनुमान है।
मौसम केंद्र के अनुसार गढ़वाल मंडल के उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, उत्तरकाशी व टिहरी और कुमाऊं मंडल के पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, अल्मोड़ा के ज्यादातर क्षेत्रों में बादल छाये रहेंगे। इसके साथ-साथ बारिश होने का भी अनुमान है।
दूसरी और मैदानी क्षेत्रों में कोहरा बढ़ने का अनुमान है। इसके कारण सुबह और शाम को होने वाली ठंड में इजाफा होगा। इससे पहले शनिवार को लगभग पूरे दिन रुक-रुककर बारिश होती रही। इसके कारण सुबह काफी देर तक लोगों को सूरज के दर्शन नहीं हुए। हालांकि बाद में मौसम में सुधार हुआ और कुछ देर के लिए बारिश बंद हुई। इस दौरान हल्की धूप भी निकली।
शाम के समय आसमान में बादल छाये रहे। इस दौरान राजधानी दून में अधिकतम तापमान 13.2 और न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम और न्यूनतम तापमान पांच डिग्री अधिक बने हुए हैं।
Next Story