
जनता से रिश्ता वेबडेस्क : मानसून सीजन में उत्तराखंड के बेरोजगार युवाओं के लिए नौकरियों की बरसात होने वाली है। मुख्य सचिव डॉ.एसएस संधू की सख्ती के बाद विभागों ने भर्तियों के प्रस्ताव (अधियाचन) संबंधित भर्ती संस्थाओं को भेज दिए हैं, जिनका अध्ययन किया जा रहा है।उत्तराखंड लोक सेवा आयोग जल्द ही प्रदेश में अलग-अलग विभागों के 650 से अधिक पदों पर भर्तियां शुरू करने जा रहा है। आयोग के सचिव कर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि उन्हें अपर निजी सचिव सचिवालय प्रशासन के 88 पद, पुलिस उपाधीक्षक दूरसंचार के तीन पद, सहायक सांख्यिकी अधिकारी के 11 पद, आयोग, शासन व परिषद में सहायक समीक्षा अधिकारी के करीब 120 पदों के अधियाचन प्राप्त हो चुके हैं।पॉलिटेक्निक प्रवक्ता के 398 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव पहले ही मिल चुका है, जिसमें अब 39 पद और बढ़ा दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि सभी प्रस्तावों का अध्ययन किया जा रहा है। जल्द ही भर्तियों के नोटिफिकेशन जारी कर दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पॉलिटेक्निक प्रवक्ता पदों के लिए भर्ती का सिलेबस तैयार किया जा रहा है।
