उत्तराखंड

उत्तराखंड में गेस्ट फैकल्टी का मानदेय बढ़ाने की तैयारी, 57,700 रुपये देने का प्रस्ताव

Admindelhi1
22 Nov 2026 1:44 PM IST
उत्तराखंड में गेस्ट फैकल्टी का मानदेय बढ़ाने की तैयारी, 57,700 रुपये देने का प्रस्ताव
x
उत्तराखंड के 400 गेस्ट फैकल्टी को मिल सकती है वेतन वृद्धि की सौगात

देहरादून: उत्तराखंड के राजकीय महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय परिसरों में कार्यरत करीब 400 गेस्ट फैकल्टी को जल्द मानदेय वृद्धि की सौगात मिल सकती है। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मानदेय बढ़ाकर 57,700 रुपये प्रतिमाह करने का प्रस्ताव जल्द कैबिनेट में लाने की बात कही है।

शनिवार को विधानसभा में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को यूजीसी के मानकों के अनुरूप प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। फिलहाल गेस्ट फैकल्टी को करीब 35 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय मिल रहा है।

बैठक में मंत्री ने विभागीय बजट खर्च करने और निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने सरकारी कॉलेजों के छात्रावासों में आवासीय सुविधाओं का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

इसके अलावा राज्य सरकार ने राजकीय महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय परिसरों के विद्यार्थियों को मुफ्त टैबलेट देने का निर्णय लिया है। मंत्री ने इसके लिए भी जल्द प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

मानदेय वृद्धि का प्रस्ताव कैबिनेट में पेश किया जाना है। अभी इस संबंध में अंतिम मंजूरी नहीं मिली है।

Next Story