उत्तराखंड

उत्तराखंड: काशीपुर में फर्नीचर के बड़े गोदाम में लगी आग, डेढ़ दर्जन से अधिक दमकल वाहनों ने पाया काबू

jantaserishta.com
12 Nov 2026 8:56 AM IST
उत्तराखंड: काशीपुर में फर्नीचर के बड़े गोदाम में लगी आग, डेढ़ दर्जन से अधिक दमकल वाहनों ने पाया काबू
x
काशीपुर: उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में चीमा चौराहे के पास स्थित फर्नीचर के एक बड़े गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना पर पहुंची डेढ़ दर्जन से अधिक दमकल वाहनों ने आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार गोदाम से उठती ऊंची-ऊंची लपटों और धुएं के गुबार को देखकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से गोदाम में रखा फर्नीचर, फोम और अन्य सामान जलकर खाक हो गया। इस अग्निकांड में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग पर काबू पाने के लिए काशीपुर सहित आसपास के क्षेत्रों और विभिन्न औद्योगिक इकाइयों से डेढ़ दर्जन से अधिक दमकल वाहन मौके पर बुलाए गए।
यह घटना काशीपुर के व्यस्ततम चीमा चौराहे के पास स्थित इस फर्नीचर गोदाम में हुई, जिस समय गोदाम आग लगी वहां बड़ी मात्रा में फर्नीचर, फोम और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी। इसके चलते आग तेजी से फैलती चली गई और कुछ ही देर में पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रारंभिक तौर पर आग लगने के पीछे शॉर्ट सर्किट या आतिशबाजी की चिंगारी से फोम में आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही काशीपुर अग्निशमन विभाग की टीम दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंच गई। आग की भयावहता को देखते हुए इंडिया ग्लाइकोल लिमिटेड, नैनी पेपर मिल और सिद्धार्थ पेपर मिल सहित आसपास की औद्योगिक इकाइयों से भी दमकल वाहन बुलाए गए। इसके अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी अग्निशमन वाहनों को मौके पर लगाया गया। डेढ़ दर्जन से अधिक दमकल वाहन लगातार आग बुझाने में जुटे रहे, लेकिन आग की तीव्रता के कारण अग्निशमन कर्मियों को भारी मशक्कत करनी पड़ी।
उधर, आग लगने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। भीड़ को नियंत्रित करने और दमकल वाहनों के आवागमन के लिए रास्ता खाली कराने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
गोदाम के आसपास बने मकानों में रहने वाले परिवारों में भी दहशत का माहौल रहा। आग की लपटें उनके घरों तक पहुंचने की आशंका से लोग घबरा गए। कई परिवारों में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आए।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story