उत्तराखंड

उत्तराखंड: कोटद्वार पौड़ी हाईवे पर धमका हाथी, लोगों में मची भगदड़

Tara Tandi
9 Sep 2023 1:57 PM GMT
उत्तराखंड: कोटद्वार पौड़ी हाईवे पर धमका हाथी, लोगों में मची भगदड़
x
कोटद्वार-पौड़ी हाईवे पर लैंसडौन वन प्रभाग के जंगल से निकलकर एक टस्कर हाथी ने हाईवे पर जमकर उत्पात मचाया। हाथी ने लोगों के पीछे दौड़ लगाई। यात्री जान बचाने के लिए वाहन छोड़कर भाग गए। वन कर्मियों ने हवाई फायर कर किसी प्रकार हाथी को जंगल में खदेड़ा। इस दौरान करीब एक घंटे तक हाईवे पर यातायात बाधित रहा।
दोपहर में अन्य दिनों की भांति कोटद्वार से दुगड्डा के बीच हाईवे पर यातायात सामान्य रूप से चल रहा था। तभी कोटद्वार से पांचवें मील के पास जंगल से निकलकर एक विशालकाय हाथी यातायात के बीच धमक गया। हाथी को करीब देख वाहन चालकों के होश उड़ गए। उन्होंने आनन-फानन में वाहनों को बैक कर किसी प्रकार हाथी से दूरी बनाई। कुछ देर तक हाथी हाईवे के बीच खड़ा रहा। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
कुछ बाइक सवारों और लागों ने हाथी की फोटो लेने के लिए उसके करीब जाने की कोशिश की। आक्रोशित होकर हाथी ने उनके पीछे दौड़ लगा दी। हाथी के हाईवे पर दौड़ते ही वहां पर मौजूद लोेगों में भगदड़ मच गई। लोग अपने वाहनों को छोड़कर भागने लगे। लेकिन, कुछ दूर दौड़ने के बाद हाथी रुक गया। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
सूचना पर वन कर्मियों के साथ पहुंचे फारेस्ट गार्ड वचन सिंह नेगी ने वन कर्मियों के सहयोग से लोगों को पीछे हटाकर हाथी के लिए जंगल में निकलने का रास्ता बनाया। इसके बाद हवाई फायर कर किसी प्रकार हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा। इसके बाद यातायात सुचारू हुआ।
Next Story