उत्तराखंड

Uttarakhand Election 2022 : आज जेपी नड्डा करेंगे भाजपा की 'विजय संकल्प' यात्रा का करेंगे शुभारंभ

Deepa Sahu
18 Dec 2021 12:50 AM GMT
Uttarakhand Election 2022 : आज जेपी नड्डा करेंगे भाजपा की विजय संकल्प यात्रा का करेंगे शुभारंभ
x
2022 के चुनाव को लेकर भाजपा ने दो चरणों में आयोजित होने वाली विजय संकल्प यात्रा की तैयारियां पूरी कर ली हैं।

2022 के चुनाव को लेकर भाजपा ने दो चरणों में आयोजित होने वाली विजय संकल्प यात्रा की तैयारियां पूरी कर ली हैं। शनिवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा तीर्थ नगरी हरिद्वार से गढ़वाल मंडल की यात्रा का आगाज करेंगे जबकि 19 दिसंबर को केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर बागेश्वर से कुमाऊं मंडल की विजय संकल्प यात्रा का शुभारंभ करेंगे। इस यात्रा के दौरान भाजपा डबल इंजन सरकार के कार्यों पर जनता से आशीर्वाद मांगेगी। पूरे प्रदेश में संकल्प यात्रा 4500 किमी की दूरी तय करेगी।

प्रदेश के लिए एक लाख करोड़ से अधिक की योजनाएं स्वीकृत
शुक्रवार को रिस्पना पुल स्थित एक होटल में प्रेसवार्ता में भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि 18 दिसंबर से 5 जनवरी 2022 तक पूरे प्रदेश में विजय संकल्प यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा के माध्यम से पार्टी केंद्र और प्रदेश में डबल इंजन की सरकार के माध्यम से किए गए विकास कार्यों को लेखा जोखा लेकर जनता के बीच जाएगी। केंद्र सरकार ने जहां प्रदेश के लिए एक लाख करोड़ से अधिक की योजनाएं स्वीकृत की है।
वहीं प्रदेश सरकार ने रोजगार, शिक्षा स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण, रिवर्स पलायन, गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी, सैन्य धाम समेत कई काम किए हैं। पूरे प्रदेश में 4500 किमी की विजय संकल्प यात्रा निकलेगी। जिसमें गढ़वाल मंडल में 2660 और कुमाऊं मंडल में 1890 किमी की दूरी तय की जाएगी। 2017 में लगी आचार संहिता को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने कार्यक्रम तय किए हैं। इस दौरान लोगों को डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां बताएंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की पिछली सरकारों के कार्यकाल की नाकामी को भी जनता की अदालत में उठाएंगे। कांग्रेस की करतूतों का पर्दाफाश किया जाएगा। यात्रा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री, राज्य सरकार के मंत्री व संगठन के वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे। इस मौके पर विजय संकल्प यात्रा के प्रदेश संयोजक ज्योति प्रसाद गैरोला, डॉ. देवेंद्र भसीन, सुरेश जोशी, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान, राजीव तलवार, हरीश जोशी, संजीव वर्मा आदि उपस्थित थे।
जनता की राय से तैयार होगा भाजपा का संकल्प पत्र
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि 2022 के चुनाव के लिए प्रदेश के लोगों की राय से संकल्प पत्र तैयार किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक शक्ति केंद्रों पर सुझाव पेटी रखी जाएगी। इसके अलावा विजय संकल्प यात्रा के दौरान भी एलईडी रथों पर भी संकल्प पत्र के लिए सुझाव पेटी रखी जाएगी। साथ ही हर वर्ग के लोगों के साथ बैठक कर पार्टी के नेता सुझाव भी लेंगे। कांग्रेस अपनी हर सभा में एक ही मुद्दा जोर से उठाती रही है कि सूबे में प्रत्येक चुनाव में परिवर्तन का चलन है, लेकिन भाजपा पर डबल इंजन सरकार के कार्यों पर 2017 से भी बढ़ी जीत हासिल कर सत्ता में आएगी।
Next Story