उत्तराखंड

उत्तराखंड: 6 महीने बाद खुला कॉर्बेट का ढिकाला पर्यटन जोन, पर्यटकों का उमड़ा सैलाब, 20 जनवरी तक नाइट स्टे फुल

jantaserishta.com
15 Nov 2026 8:22 AM IST
उत्तराखंड: 6 महीने बाद खुला कॉर्बेट का ढिकाला पर्यटन जोन, पर्यटकों का उमड़ा सैलाब, 20 जनवरी तक नाइट स्टे फुल
x
नैनीताल: विश्व प्रसिद्ध जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क के सबसे लोकप्रिय और रोमांचक ढिकाला पर्यटन जोन के दरवाजे आखिरकार छह महीने बाद पर्यटकों के लिए खुल गए हैं। मानसून सीजन के बाद रविवार सुबह ढिकाला में एक बार फिर जंगल सफारी का रोमांच लौट आया। सुबह ठीक 6 बजकर 30 मिनट पर धनगढ़ी गेट से पहली सफारी को हरी झंडी दिखाकर जंगल के भीतर रवाना किया गया।
आज से पर्यटकों के लिए 'डे सफारी' के साथ-साथ जंगल के बीच बने वन विश्राम गृहों में रात्रि विश्राम की सुविधा भी शुरू होगी। इसको लेकर पहले ही दिन देश-विदेश से पहुंचे पर्यटकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। वहीं ढिकाला में रात्रि विश्राम के लिए 20 जनवरी 2027 तक की ऑनलाइन बुकिंग पूरी तरह फुल हो चुकी है।
रविवार सुबह से धनगढ़ी गेट पर पर्यटकों के वाहनों की लंबी कतार लगनी शुरू हो गई थी। ढिकाला जोन के शुभारंभ के अवसर पर क्षेत्रीय विधायक दीवान सिंह बिष्ट और कॉर्बेट पार्क के अधिकारियों ने पर्यटकों का फूल-मालाओं से स्वागत किया। इसके बाद वन विभाग के अधिकारियों ने पहली सफारी पर रवाना होने वाले कैंटर वाहनों को हरी झंडी दिखाई। छह महीने से ढिकाला के खुलने का इंतजार कर रहे पर्यटकों के चेहरे पर जंगल सफारी को लेकर अलग ही उत्साह नजर आया।
अहमदाबाद की निवासी जयश्री ने कहा, "हम लोग जिम कॉर्बेट में घूमने के लिए आए हैं। यह जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क आज से खुला है और हमें पहले दिन ही यहां सफारी का मौका मिला है। मैं अपनी पूरे परिवार के साथ यहां घूमने आई हूं। यहां के लोग और यहां का वातावरण बहुत अच्छा है।"
अहमदाबाद से घूमने आए जिग्नेश ने कहा कि काफी समय से जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क आने की इच्छा थी। आज यह खुला है और हमें पहले दिन घूमने का अवसर मिला है। ऑनलाइन बुकिंग की व्यवस्था अच्छी है। यहां अच्छी सुविधाएं भी मिल रही हैं। हमें यहां जंगल घूमना है और खासकर टाइगर को देखना है।"
अक्षत जैन ने बताया कि वे पिछली बार चार महीने पहले यहां आए थे। उस समय बहुत अच्छा अनुभव था। इसलिए जिन कार्बेट के दोबारा खुलने पर हम लोग घूमने आए हैं। पहला दिन है तो हमारा उत्साह और भी अधिक है। यहां भीड़ भी जबरदस्त आई हुई है।
दरअसल, कॉर्बेट टाइगर रिजर्व का ढिकाला जोन हर साल 15 जून को मानसून सीजन शुरू होने से पहले पर्यटकों के लिए बंद कर दिया जाता है। बरसात के दौरान जंगल के भीतर बहने वाली नदियों और बरसाती नालों में उफान आने के साथ ही कई रास्तों के क्षतिग्रस्त होने का खतरा बना रहता है। ऐसे में पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग मानसून के दौरान इस जोन में पर्यटन गतिविधियां बंद कर देता है। बरसात समाप्त होने के बाद हर साल 15 नवंबर को ढिकाला जोन को दोबारा खोल दिया जाता है।
कॉर्बेट का ढिकाला जोन देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी वन्यजीव पर्यटन के लिए अपनी अलग पहचान रखता है। यहां विशाल घास के मैदान, रामगंगा नदी का खूबसूरत नजारा, घने जंगल और वन्यजीवों की विविधता पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करती है। ढिकाला में बंगाल टाइगर, हाथियों के विशाल झुंड, हिरण, सांभर, चीतल, गुलदार, जंगली सूअर, मगरमच्छ और घड़ियाल सहित अनेक वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक आवास में देखने का अवसर मिलता है।
इसके अलावा, यहां 500 से अधिक पक्षी प्रजातियों की मौजूदगी पक्षी प्रेमियों और बर्ड वॉचर्स के लिए भी इसे खास बनाती है। यही वजह है कि वन्यजीव प्रेमियों के बीच ढिकाला को कॉर्बेट का 'हार्ट ऑफ द जंगल' कहा जाता है।
ढिकाला जोन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां पर्यटक सिर्फ दिन में जंगल सफारी ही नहीं करते, बल्कि जंगल के कोर एरिया में बने वन विश्राम गृहों में रात बिताने का रोमांच भी महसूस कर सकते हैं। रविवार से 'डे सफारी' के साथ ही नाइट स्टे की सुविधा भी शुरू हो रही है। जंगल के बीच रात गुजारना, वन्यजीवों की आवाजें सुनना और सुबह की पहली किरण के साथ जंगल में वन्यजीवों की गतिविधियां देखना पर्यटकों के लिए बेहद खास अनुभव होता है।
वन विभाग के अनुसार, ढिकाला में कुल 41 कमरे उपलब्ध हैं। इनमें मुख्य ढिकाला कैंप में 28 कमरे, सुल्तान में 2, गैरल में 6, खिनानौली में 3 और सर्पदुली रेंज में 2 कमरे शामिल हैं। इसके अतिरिक्त पर्यटकों के लिए 20 बेड की डॉरमेट्री की सुविधा भी उपलब्ध है।
ढिकाला की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस पर्यटन सीजन में रात्रि विश्राम के लिए ऑनलाइन बुकिंग की भारी मांग है। 20 जनवरी 2027 तक सभी उपलब्ध कमरे और नाइट स्टे की बुकिंग फुल हो चुकी है। इसके बाद 22 जनवरी 2027 को आगामी एक महीने के लिए ऑनलाइन बुकिंग का अगला स्लॉट खोला जाएगा। देश-विदेश के पर्यटक कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग कराते हैं। जिन पर्यटकों को इस बार बुकिंग नहीं मिल सकी है, उन्हें अगले स्लॉट का इंतजार करना होगा।
ढिकाला जोन में 'डे सफारी' के लिए प्रतिदिन आठ कैंटर संचालित किए जाते हैं। इनमें चार कैंटर सुबह और चार कैंटर शाम की पाली में जंगल सफारी के लिए रवाना होते हैं। एक कैंटर में 16 पर्यटक सफारी का आनंद ले सकते हैं। 'डे सफारी' के लिए प्रति पर्यटक परमिट शुल्क लगभग 2 हजार रुपए है।
वहीं, रात्रि विश्राम के लिए एक कमरे का परमिट लगभग 5 हजार रुपए बताया जाता है। इसके अलावा, जिप्सी का किराया करीब 6 हजार रुपए, नेचर गाइड का शुल्क लगभग 2 हजार रुपए और भोजन का खर्च प्रति व्यक्ति एक समय के लिए करीब 400 रुपए अलग से देना होता है। इन सभी खर्चों के बावजूद पर्यटकों में ढिकाला में रात्रि विश्राम को लेकर जबरदस्त क्रेज बना हुआ है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story