
जनता से रिश्ता वेबडेस्क : उत्तराखंड के छावनी क्षेत्र के लोगों के लिए राहत की खबर है। इन क्षेत्रों के सैनिकों, पूर्व सैनिकों एवं अन्य लोगों को भूमि संबंधी मामलों के लिए अब मेरठ और बरेली के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। केंद्र सरकार ने राज्य में दो रक्षा संपदा कार्यालय खोलने को मंजूरी दी है। रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट के मुताबिक देहरादून में रक्षा संपदा कार्यालय खुलेगा जबकि रानीखेत में उप रक्षा संपदा कार्यालय खोला जाएगा।रक्षा राज्य मंत्री के मुताबिक भूमि संबंधी मामलों के लिए गढ़वाल के छावनी क्षेत्र के लोगों को अब तक मेरठ और कुमाऊं के छावनी क्षेत्र के लोगों को बरेली जाना पड़ता था। अब मंत्रालय ने डीईओ मेरठ और डीईओ बरेली से देहरादून और रानीखेत को अलग करते हुए नया कार्यालय खोलने की मंजूरी दी है। इस निर्णय से छावनी क्षेत्रों के लोगों को राहत मिलेगी। रक्षा राज्यमंत्री ने कहा कि देहरादून में डीईओ कार्यालय का जल्द उद्घाटन किया जाएगा।





