उत्तराखंड

उत्तराखंड: अल्मोड़ा जिले में कार गहरी खाई में गिरी, महिला समेत 3 लोगों की मौत और 4 लोग गंभीर रूप से घायल

Admin Delhi 1
31 March 2022 1:56 PM GMT
उत्तराखंड: अल्मोड़ा जिले में कार गहरी खाई में गिरी, महिला समेत 3 लोगों की मौत और 4 लोग गंभीर रूप से घायल
x

अल्मोड़ा न्यूज़: प्रदेश में सड़क हादसे रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान फेल साबित हो रहे हैं। पहाड़ से लेकर मैदान तक ऐसा कोई जिला नहीं जहां सड़क हादसे न हो रहे हों। ताजा मामला अल्मोड़ा जिले का है। जहां एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में 3 लोगों की मौत की खबर है। मृतकों में एक महिला व 2 पुरुष बताए जा रहे हैं। कार में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। यह हादसा भिकियासैंण से लगे स्याल्दे-देघाट मोटर मार्ग में हुआ है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कार में सवार लोग गाजियाबाद से देघाट की ओर आ रहे थे। तभी बसेड़ी के पास ड्राइवर ने कार पर से नियंत्रण खो दिया। देखते ही देखते बेकाबू कार गहरी खाई में जा गिरी। हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई।

बाद में आस-पास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना देने के बाद घायलों को कार से निकालने में जुट गए। कार में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खबर लिखे जाने तक मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई थी। एसडीएम शिप्रा जोशी ने 3 लोगों की मौत की पुष्टि की है। प्रशासन मृतकों की शिनाख्त में जुटा हुआ है। हादसे की वजह का पता नहीं चल सका है। जांच जारी है।

Next Story