उत्तराखंड

उत्तराखंड : मानसून की विदाई के बाद युद्धस्तर पर होगा सड़कों का काम

Tara Tandi
10 Sep 2023 2:01 PM GMT
उत्तराखंड : मानसून की विदाई के बाद युद्धस्तर पर होगा सड़कों का काम
x
चालू मानसून सत्र में हुई भारी बारिश ने प्रदेश की सड़कों की हालत बिगाड़कर रख दी है। इस दौरान तीन हजार से अधिक सड़कें और 93 पुल क्षतिग्रस्त हुए हैं। इन पर करीब 554 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है। सरकार ने सड़कों और पुलों को दुरुस्त करने के लिए पहले ही करीब 650 करोड़ रुपये के बजट की व्यवस्था कर दी है।
प्रदेश से मानसून के रुखसत होते ही सड़कों को चमकाने का काम युद्धस्तर पर किया जाएगा। राज्य सरकार की ओर से वित्तीय वर्ष 2023-24 में सड़क सुरक्षा मद में 300 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया गया था। इसमें से कुछ पैसा जारी भी किया जा चुका है।
इसके अलावा इसी मद में अनुपूरक बजट में 200 करोड़ रुपये और मिल गए हैं। जबकि पीएमजीएसवाई की सड़कों के सुधार के लिए 150 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। अभी तक सड़क सुरक्षा मद में 4117.54 किमी लंबाई की सड़कों पर 56 कार्यों के लिए करीब 233.51 करोड़ रुपये शासन की ओर से जारी किए जा चुके हैं।
स्वीकृत कार्यों में निविदाएं आमंत्रित की जा रही
अभी तक शासन-प्रशासन का पूरा जोर बंद सड़कों को खोलने पर था। लेकिन अब इन्हें दुरूस्त करने काम तेजी से किया जाएगा। कुछ कार्यों के लिए पहले से ही धन आवंटन किया जा चुका है। सड़कों को सुधारने के लिए शासन की ओर से जून माह में 15 कार्यों के लिए 22.39 करोड़ रुपये, जुलाई माह में 24 कार्यों के लिए 144.95 कराेड़ रुपये और अगस्त माह में 17 कार्यों के लिए 66.17 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। अब स्वीकृत कार्यों में निविदाएं आमंत्रित की जा रही हैं। इस तरह से कुल 4117.54 किमी लंबाई की सड़कों के 56 कार्यों के लिए अब तक 233.51 करोड़ रुपये की मंजूरी शासन की ओर से दी जा चुकी है।
किस जिले के लिए कितनी सड़कों के इस्टीमेट शासन को मिले
जिला - संख्या - लंबाई (किमी) - लागत (लाख में)
टिहरी - 17 - 904 - 5911.49
चमोली - 15 - 395 - 3635.10
रुदप्रयाग - 03 - 284 - 1839.37
पौड़ी - 10 - 1196 - 7214.17
उत्तरकाशी - 06 - 463 - 2500.12
देहरादून - 08 - 767 - 2406.07
हरिद्वार - 00 - 00 - 00
पिथौरागढ़ - 06 - 345 - 3056.85
चंपावत - 03 - 202 - 670.00
बागेश्वर - 05 - 225 - 1189.57
अल्मोड़ा - 06 - 538 - 1960.28
नैनीताल - 14 - 336 - 2070.70
यूडीएस नगर - 02 - 00 - 201.74
कुल - 95 - 5656 - 32655.54
बरसात के बाद सड़कों के सुधार का काम तेजी से किया जाएगा। धन की कोई कमी नहीं है। अब तक करीब 4117 किमी लंबाई की सड़कों में सुधार के लिए 233.51 करोड़ रुपये की मंजूरी शासन की ओर से मिल चुकी है। 5655.87 किमी लंबाई की सड़कों के 95 कामों के इस्टीमेट शासन को भेजे गए हैं, जिन्हें शीघ्र मंजूरी मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा पुलों के सुधार का कार्य भी किया जाएगा।
Next Story